Dhanbad news: 364 करोड़ की 847 योजना के अनुमोदन पर हुआ मंथन
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 23 Feb 2025 2:01 AM
न्यू टाउन हॉल में डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक हुई. इसमें उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजलापूर्ति, समाज कल्याण समेत जिले के चौमुखी विकास पर जिला प्रशासन का ध्यान केंद्रित है.
धनबाद.
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के न्यास परिषद की बैठक शनिवार को न्यू टाउन हॉल में हुई. इसमें जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 364.77 करोड़ रुपये की 847 योजनाओं के अनुमोदन के प्रस्ताव पर मंथन किया गया. उपायुक्त माधवी मिश्रा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजलापूर्ति, समाज कल्याण समेत जिले के चौमुखी विकास पर जिला प्रशासन का ध्यान केंद्रित है. इस वर्ष गर्मी में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन पिछले वर्ष से बेहतर व्यवस्था करेगा. जिले में चल रही वृहद जलापूर्ति योजनाओं को पूरी कराकर सभी पंचायत को जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. वहीं सदर अस्पताल एवं शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को अपग्रेड किया जायेगा. बैठक में दोनों अस्पतालों में मैनपावर, बुनियादी संरचना के अलावा चिकित्सीय उपकरणों की कमी की समीक्षा की गई है. एएनएम, जीएनएम एवं टेक्नीशियनों के रिक्त पदों को भरा जायेगा. जिन आंगनबाड़ी के पास अपना भवन है, उसे मॉडल आंगनबाड़ी बनाया जायेगा.उपायुक्त ने नई नियमावली से कराया अवगत
उपायुक्त ने झारखंड जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की सात अक्तूबर 2024 को जारी की गयी नई नियमावली से सभी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया. इसी नियमावली के तहत योजना के चयन का अनुरोध किया. बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सिटी एसपी अजीत कुमार, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, डीएमएफटी टीम लीडर शैलेश तिवारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया व जनप्रतिनिधि आदि थे.इन योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में कार्यकारी एजेंसियों से प्राप्त प्राक्कलनों पर अनुमोदन के लिए पीएचइडी वन की 58.03 करोड़ की 71 योजना, पीएचइडी टू की 8.82 करोड़ की 31 योजना, पेयजल एवं स्वच्छता (यांत्रिक) प्रमंडल की 3.48 करोड़ की छह, जमाडा की 8.39 करोड़ की पांच, भवन प्रमंडल (स्वास्थ्य प्रक्षेत्र) की 99 लाख की एक, भवन प्रमंडल (शिक्षा प्रक्षेत्र) की 36.67 करोड़ की 184, लघु सिंचाई (जल संरक्षण) की 1.57 करोड़ की दो, लघु सिंचाई (आधारभूत संरचना) की 24.61 करोड़ की 77, ग्रामीण कार्य विभाग (आधारभूत संरचना) की 38.88 करोड़ की 26, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल (आधारभूत संरचना) की 12.97 करोड़ की 13 योजना के प्रस्ताव पर चर्चा की गयी. वहीं प्रबंधकीय समिति द्वारा स्वीकृत ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की 75.67 करोड़ की 167, ग्रामीण कार्य विभाग की 55.73 करोड़ की 65, लघु सिंचाई की 10.50 करोड़ की 24, पेयजल एवं स्वच्छता यांत्रिक प्रमंडल की 2.68 करोड़ की 12, भवन निर्माण विभाग की 23.90 करोड़ की 120, विद्युत कार्य प्रमंडल की 1.10 करोड़ की पांच, सिविल सर्जन की 7.57 लाख की एक, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की 23.01 लाख की एक, पीएचइडी टू की 42.08 लाख की दो एवं पीएचइडी वन की 6.21 लाख की एक योजना के अनुमोदन प्रस्ताव पर चर्चा की गयी.स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से खर्च हो फंड : ढुलू
धनबाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि डीएमएफटी फंड से जो भी कार्य होते हैं वे ठेकेदार के माध्यम से नहीं, बल्कि स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से हों. सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्य का शिलान्यास हो. स्थानीय जनप्रतिनिधि की अवहेलना करने पर ठेकेदार के बिल का भुगतान रोका जाये. उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों से कई जलापूर्ति योजनाएं धीमी गति से चल रही हैं. जिला प्रशासन इस पर निगरानी रख दोषियों पर कार्रवाई करे. सांसद ने डीएमएफटी की राशि से धनबाद में हवाईअड्डा निर्माण के लिए जमीन खरीदने का भी प्रस्ताव रखा.
योजना की सूची उपलब्ध कराये प्रशासन : चंद्र प्रकाश
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने जनप्रतिनिधियों को स्वीकृत, पूर्ण और लंबित योजना की सूची उपलब्ध करानी की बात कही. कहा कि काम में विलंब होने पर संवेदक पर जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने पारदर्शिता से काम करने, विस्थापितों को रोजगार से जोड़ने आदि पर जोर दिया है.अधिकारी व ठेकेदार तैयार कर रहे हैं योजना : राज सिन्हा
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन डीएमएफटी फंड व योजना की ठीक से मोनेटरिंग करें. अधिकारी व ठेकेदार मिलीभगत कर डीएमएफटी की योजना बना रहे हैं और काम करा रहे हैं. योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी नहीं दी जाती है. किसी क्षेत्र में 55-60 योजना चल रही है तो कहीं एक भी नहीं. इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. विधायक श्री सिन्हा ने हर पंचायत में एक-एक विवाह भवन व मल्टीपरपज हॉल बनाने की मांग की. वहीं जलापूर्ति योजना में तेजी लाने, करकेंद शहरी स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, हीरक चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण कराने, गया पुल अंडरपास का चौड़ीकरण कराने, रेड क्रॉस सोसाइटी में दस बेड की डायलिसिस यूनिट लगाने, अरलगड़िया में विवाह भवन बनाने की मांग की.डीएमएफटी से अधिक से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों का हो निर्माण : चंद्रदेव
सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में डीएमएफटी फंड से अधिक से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण की मांग की. कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करें. सिंदरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ कराने, गौशाला अस्पताल को अपग्रेड करने, तिलैया में अलग पंचायत भवन का निर्माण कराने व पुलिस पिकेट बनाने का अनुरोध किया है.मेगा जलापूर्ति योजना का काम तेज हो : शत्रुघ्न महतो
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि गर्मी दस्तक दे चुकी है, लेकिन जिला प्रशासन की तैयारी शून्य है. बाघमारा कोल बेयरिंग क्षेत्र होने के कारण भू-जलस्तर काफी नीचे चला गया है. ऐसे में पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम हो. उन्होंने मेगा जलापूर्ति योजना के काम में तेजी लाने, बाघमारा में लीडर स्कूल निर्माण कराने एवं पंचायत सचिवालयों का जीर्णोद्धार कराने का अनुरोध किया.पेयजल व झरिया के सौंदर्यीकरण पर दें जोर : रागिनी सिंह
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पेयजल, बिजली, सड़क, नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने, जर्जर भवनों की मरम्मत कराने और झरिया का सौंदर्यीकरण कराने का अनुरोध किया है.जलापूर्ति की हर योजना की जांच हो : मथुरा महतो
टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने क्षेत्र में व्याप्त पानी की समस्या दूर करने की मांग रखी. कहा कि जिला प्रशासन जलापूर्ति की हर योजना की जांच करें. काम की गुणवत्ता बरकरार रखने, शिक्षा और पेयजल पर विशेष ध्यान देने का भी अनुरोध किया है.
डीएमएफटी से मैथन व पंचेत के पर्यटन स्थलों को करें विकसित : अरुप चटर्जी
निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने मैथन व पंचेत के पर्यटन स्थलों को विकसित करने, पहाड़ी पर टूरिस्ट रिजोर्ट व ईको-टूरिज्म पार्क बनाने, नदी एवं तालाबों का गहरीकरण कराने, बड़े जलाशयों में मछली पालन को बढ़ावा देने का अनुरोध किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










