झरिया-कतरास में जमींदोज हो सकते हैं 1,500 मकान! BCCL की चेतावनी से हड़कंप

Updated:
विज्ञापन

AI Image

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

धनबाद में भू-धंसान और भूमिगत आग के बढ़ते खतरे को देखते हुए बीसीसीएल ने कई बस्तियों के 1500 मकानों को खाली करने की अपील की है. प्रभावित लोग सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

धनबाद. भू-धंसान और भूमिगत आग के खतरे वाले इलाकों में अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बीसीसीएल ने कई बस्तियों के लोगों से सुरक्षित स्थान पर चले जाने की अपील की है. कंपनी की ओर से जारी आम इश्तेहार में नया मोड़, पांडेडीह, कुम्हारपट्टी और अंगारपथरा समेत कई क्षेत्रों को संवेदनशील बताया गया है. बीसीसीएल ने जान-माल की सुरक्षा का हवाला देते हुए जोखिम वाले इलाकों को खाली करने की अपील की है.

विज्ञापन

इश्तेहार में शामिल इलाकों में अनुमानतः 1,500 मकान हैं, जिनमें करीब 7,500 लोगों के रहने की बात कही गयी है. हालांकि, इन सभी क्षेत्रों का संयुक्त अद्यतन सर्वे सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण इस संख्या को अनुमानित आंकड़े के रूप में ही देखा जाना चाहिए.

इन इलाकों को बताया गया संवेदनशील

बीसीसीएल के आम इश्तेहार में नया मोड़ बस्ती, II/271 क्षेत्र, पांडेडीह छह नंबर बस्ती और आसपास का इलाका, कुम्हारपट्टी बस्ती केशलपुर मौजा, अंगारपथरा बस्ती, 1/100 क्षेत्र, भूली चौक एवं बीडीसी तथा अंगारपथरा के आसपास के क्षेत्र को संवेदनशील बताया गया है.

ये भी पढ़ें: बरोरा में फिर खुली कोयला चोरों की गुप्त सुरंगें, BCCL और पुलिस ने यूं की बड़ी कार्रवाई

इसके अलावा ब्लॉकडोबा बस्ती संख्या दो से संबंधित 1/108 भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र को भी खतरे की जद में बताया गया है. कंपनी ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द सुरक्षित स्थान पर चले जाने की अपील की है.

न्यू आकाशकिनारी में सात जगहों पर नोटिस

कतरास के बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र की न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में डेंजर जोन को लेकर जारी नोटिस से वर्षों से रह रहे परिवारों की चिंता बढ़ गयी है. छाताबाद फुटबॉल मैदान (तालाब), न्यू आकाशकिनारी बस्ती, बिसपट्टियां, खास गोविंदपुर, भंडारीडीह मौजा, आकाशकिनारी दुर्गा मंदिर और रामनगर हनुमान मंदिर के आसपास नोटिस चिपकाकर लोगों को क्षेत्र खाली करने की सूचना दी गयी है.

नोटिस के बाद स्थानीय लोगों में विस्थापन को लेकर चिंता बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि अचानक घर खाली करने की स्थिति में उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो सकती है.

सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग

बीसीसीएल की ओर से जारी नोटिस में संबंधित जमीन को कंपनी के अधीन बताते हुए क्षेत्र को अति संवेदनशील और भू-धंसान प्रभावित बताया गया है. कंपनी ने किसी भी समय भू-धंसान या अन्य अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए लोगों से क्षेत्र खाली करने को कहा है.

नोटिस में विस्थापन एवं पुनर्वास से संबंधित कागजात जमा करने पर नियमों के तहत सुविधा और मुआवजा देने की बात भी कही गयी है. वहीं, स्थानीय लोग सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि वर्षों से रहने वाले परिवारों के लिए पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था किये बिना घर खाली करना मुश्किल होगा.

डेंजर जोन वाले स्थानों पर नोटिस चिपकाया गया : पीओ

कोलियरी के प्रभारी परियोजना पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि डेंजर जोन वाले स्थानों पर नोटिस चिपकाया गया है. उन्होंने कहा कि लोगों को खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को वाहन के माध्यम से माइक और पंपलेट के जरिये सूचना दी जायेगी.

बीसीसीएल की ओर से जारी चेतावनी के बाद अब प्रभावित इलाकों में सुरक्षा, पुनर्वास और मुआवजे को लेकर स्थानीय लोगों की मांग पर भी निगाह रहेगी. खतरे वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने और विस्थापन की प्रक्रिया स्पष्ट करने की जरूरत स्थानीय स्तर पर उठायी जा रही है.

ये भी पढ़ें: भौंरा पंप हाउस में हथियारबंद अपराधियों का धावा, चार कर्मियों को बंधक बनाकर दो लाख की केबल काट ले गये

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola