धनबाद : अाजसू नेता और झारखंड आंदोलन के पितामह बिनोद बिहारी महतो के सुपुत्र विधायक राज किशोर महतो ने स्थानीय नीति पर रघुवर दास के पहले हुए मुख्यमंत्रियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए एक पत्र जारी किया है. पत्र इस प्रकार है. आजकल स्थानीय नीति के मुद्दे पर बहुत सारे नेताओं के द्वारा विरोध प्रकट किया जा रहा है
एवं संशोधन की मांग की जा रही है. मैं इन नेताओं से एक प्रश्न पूछना चाहता हूं जिसका खुलासा इन्हें झारखंड की जनता के सामने कर देना चाहिए. जब झारखंड में सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो बाबूलाल मरांडी उसके मुख्यमंत्री बने. अपने मंत्रित्वकाल में उन्होंने स्थानीय नीति नहीं बनायी. जब झारखंड में अर्जुन मुंडा मुख्यमंत्री बने भारतीय जनता पार्टी से ही तो उन्होंने भी स्थानीय नीति नहीं बनायी.
जब झारखंड मुक्ति मोरचा के शिबू सोरेन, जो स्वयं को झारखंड आंदोलन का अगुआ मानते हैं. उन्होंने भी स्थानीय नीति नहीं बनायी. जब उनके सुपुत्र हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने भी स्थानीय नीति नहीं बनायी.