ePaper

प्रत्येक वार्ड को 75-75 लाख रुपये आवंटित

Updated at : 30 Jan 2019 5:58 AM (IST)
विज्ञापन
प्रत्येक वार्ड को 75-75 लाख रुपये आवंटित

धनबाद : नगर निगम बोर्ड की मंगलवार को डीआरडीए सभागार में हुई बैठक में 1140 करोड़ की योजना पारित की गयी. प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए 75-75 लाख रुपये आवंटित किये गये. 14 वें वित्त आयोग से सामुदायिक भवन, विवाह मंडप, व्यावसायिक भवन, निगम कार्यालय, इंटीग्रेटेड सड़क व लाइट पर 299 करोड़ रुपये खर्च […]

विज्ञापन

धनबाद : नगर निगम बोर्ड की मंगलवार को डीआरडीए सभागार में हुई बैठक में 1140 करोड़ की योजना पारित की गयी. प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए 75-75 लाख रुपये आवंटित किये गये. 14 वें वित्त आयोग से सामुदायिक भवन, विवाह मंडप, व्यावसायिक भवन, निगम कार्यालय, इंटीग्रेटेड सड़क व लाइट पर 299 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके अलावा घर-घर में पानी कनेक्शन व जलापूर्ति पर 840 करोड़ रुपये खर्च होंगे. मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि वार्ड नंबर एक से 13 तक जलापूर्ति का काम शुरू हो गया है.

140 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं. एनजेएस व एक्यूफन कंसल्टेंट वार्ड का सर्वे कर रहा है. 31 तक सभी 55 वार्ड का सर्वे पूरा हो जायेगा. फरवरी में 700 करोड़ का टेंडर निकलेगा. 20 वार्ड में माडा द्वारा जलापूर्ति करायी जायेगी. बाजार फीस के फंड से 200 करोड़ रुपया जलापूर्ति पर खर्च होगा. 500 करोड़ रुपया डीएमएफटी फंड से जलापूर्ति पर खर्च किया जायेगा.

140 करोड़ का जो टेंडर निकला है, वह अमृत योजना से है. आनेवाले दिनों में पानी की समस्या पूरी तरह खत्म हो जायेगी. घर-घर पानी उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गयी है. 150 एमएलडी पानी बीसीसीएल मुहैया करायेगा. 67 एमएलडी पानी मैथन से लाया जायेगा. इसके लिए एक नयी पाइप लाइन लायी जा रही है. इसका सर्वे का काम भी पूरा हो गया है.

जो योजनाएं पारित हुईं
स्वयं सहायता समूह के लिए उत्पादन-सह-विक्रय केंद्र की स्थापना होगी.
एसएचजी के माध्यम से चलेगी सिटी बस.
निगम क्षेत्र के 87 तालाबों में पिट वाटर का पानी उपलब्ध कराया जायेगा
नागरिक सुविधा, सड़क पर 30 करोड़ 34 लाख रुपये होंगे खर्च
चासनाला, बलिहारी, हीरापुर, दुहाटांड़ में विवाह भवन
बैंक मोड़ में निगम कार्यालय में पांच तलीय व्यावसायिक भवन का निर्माण
26 इंटीग्रेटेड सड़क व लाइट की योजना
मिनट्स के साथ छेड़छाड़, विरोध का मुद्दा गायब : निर्मल
पार्षद निर्मल मुखर्जी ने कहा कि स्टैंडिंग कमेटी के मिनट्स के साथ छेड़छाड़ की गयी है. तकनीकी विशेषज्ञ मामले पर मैंने विरोध अंकित किया था, लेकिन मिनट्स से वह गायब है. अधिकारी तंत्र निगम पर हावी है. सदन नियम से चलता है. केंद्र व राज्य से कितना पैसा आया, कितना खर्च हुआ, इसका एक-एक ब्योरा चाहिए. इसके बाद ही बजट पास होगा. सिटी बस चलाने के पहले जवाबदेही तय किया जाये.
बस कहां है और कितनी है, हिसाब दे निगम : अशोक
पार्षद अशोक पाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह को बस दें, इस पर कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन पहले यह तो बतायें कि आपके पास कितनी बस है. बस कहां-कहां है. जो मुझे सूचना है कि एक बस गजलीटांड़ थाना में है दूसरी लोयाबाद थाना में है. चापाकल मरम्मत का टेंडर हुआ लेकिन कोई आता नहीं है. ऐसा लगता है कि ठेकेदार बिना काम का पैसा उठा रहा है. श्मशान घाट के डोम की राशि तय की जाये.
पार्षदों को दें बस : विनायक गुप्ता
पार्षद विनायक गुप्ता ने कहा कि खड़े-खड़े बस सड़ रही है. ट्रांसपोर्टरों को बस दी गयी, लेकिन उसका मेंटेनेंस नहीं होता है. क्यों न पार्षदों को एक या दो बस दें. पार्षदों की देखरेख में बस चलायें. निश्चित रूप से बसों का परिचालन ठीक होगा. मेयर ने श्री गुप्ता से बसों के परिचालन संबंधी पूरा ब्योरा मांगा.
वासेपुर में नया ठेकेदार आता नहीं पुराने को काम मिलता नहीं : निसार
पार्षद मो निसार ने कहा कि वासेपुर क्षेत्र में नया ठेकेदार आता नहीं है और पुराने ठेकेदार को काम नहीं दिया जाता है. ऐसे में तो वासेपुर का कैसे विकास होगा. नगर निगम ने नये संवेदकों को काम आवंटन का जो नियम बनाया है, उसमें संशोधन किया जाये.
वाटर-वाटर कह रहा था साउथ इंडियन
पार्षद नंद लाल सेन गुप्ता ने कहा कि वार्ड में सर्वे के लिए कोई साउथ इंडियन आया था. न तो हिंदी बोलता है और न ही अंग्रेजी. एक डंडा में धागा बांध कर कुछ कर रहा था. पूछने पर कहा कि वाटर-वाटर. इससे यह तो समझ में आया कि पानी का सर्वे करने आया है. लेकिन जब हमलोगों की बात ही समझ नहीं रहा है तो कैसे उसे वार्ड स्तर पर गाइड किया जाये. साउथ इंडियन के साथ निगम के अभियंता को भी भेजा जाये ताकि हमलोग कुछ समझा सकें.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola