धनबाद : रंजीत हत्याकांड के खिलाफ कांग्रेस का कैंडल मार्च आज

Updated at : 23 Aug 2018 6:44 AM (IST)
विज्ञापन
धनबाद : रंजीत हत्याकांड के खिलाफ कांग्रेस का कैंडल मार्च आज

धनबाद : धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष रवीन्द्र वर्मा के आवासीय कार्यालय बुधवार को हुई बैठक में धनबाद में गिरती कानून व्यवस्था एवं रंजित सिंह के दिनदहाड़े गोली मार हत्या के विरोध में एक बैठक किया गया. बैठक में झाविमो नेता रंजित सिंह के आत्मा के शांति के लिए दो मिनट का मौन […]

विज्ञापन

धनबाद : धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष रवीन्द्र वर्मा के आवासीय कार्यालय बुधवार को हुई बैठक में धनबाद में गिरती कानून व्यवस्था एवं रंजित सिंह के दिनदहाड़े गोली मार हत्या के विरोध में एक बैठक किया गया. बैठक में झाविमो नेता रंजित सिंह के आत्मा के शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया.

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा की धनबाद में अपराधी बेलगाम है. सरकार प्रदेश में अपराधियों पर लगाम लगाने में विफल है. अविलंब अपराधियों को गिरफ्तार करें. केन्द्र और राज्य सरकार सबकी सुरक्षा की बात करती है लेकिन सरकार हर मोर्चे पर विफल है. धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से 23 अगस्त की शाम छह बजे धनबाद में गिरती कानून व्यवस्था के विरोध में कैंडल मार्च निकाला जायेगा.

कैंडल मार्च गांधी सेवा सदन में गांधी जी के प्रतिमा पर सम्पन्न होगा. बैठक में धनबाद जिला कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह यादव, माला झा, कमता पासवान, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदित्य वर्मा, गणेश यादव, संदीप कुमार (कक्कु), रतन रितोलिया, अमर प्रसाद, रामजी कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, बीरेन्द्र राम, अनिल कुशवाहा सहित दर्जनो लोग उपस्थित थे.

दो से पांच फुट की दूरी से चली थी गोली : झावियुमो जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह की कार पर दो से पांच फुट की दूरी से गोली चलायी गयी थी. एक गोली कार में सुराख करते हुए आगे की सीट पर बैठे रंजीत की बांयी ओर से कमर में लगी और पेट की आंतों को क्षतिग्रस्त करते हुए पेट में फंस गयी.

वहीं दूसरी गोली बांये घुटने के ऊपर लगी. यह गोली टांग को भेदते हुए दूसरी तरफ से बाहर निकल गयी. आंतों के क्षतिग्रस्त होने और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत हो गयी. यह खुलासा पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने किया है. पोस्टमार्टम कोर्ट के आदेश के बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड ने किया.

मेडिकल बोर्ड में मजिस्ट्रेट पंकज कुमार, सर्जरी से डॉ डीके गिंदौरिया, मेडिसिन से डॉ एसएस साहा, पैथोलॉजी से डॉ गणेश कुमार, एनाटॉमी से डॉ एम प्रसाद, एफएमटी से डॉ विनित पी तिग्गा शामिल थे.

हथियार का इस्तेमाल

रंजीत के पेट से जो बुलेट निकला उसकी लंबाई 1.5 सेंटीमीटर व गोलाई 3.4 सेंटीमीटर है. यह बुलेट काफी उच्च क्वालिटी की है. अनुमान लगाया जाता है कि हत्या में काफी उन्नत हथियार का इस्तेमाल किया गया है.

समर्थकों की मांग पर मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम

अपराह्न एक बजे मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम शुरू हुआ. तीन बजे तक पोस्टमार्टम चला. इससे पहले गोंदूडीह ओपी पुलिस सुबह 9.30 बजे पोस्टमार्टम के लिए पहुंच गयी. लेकिन समर्थकों ने मेडिकल बोर्ड की मांग की.

दोपहर 12 बजे उपायुक्त का आदेश आया. एक घंटे में मेडिकल बोर्ड गठित करके अपराह्न एक बजे पोस्टमार्टम शुरू हुआ. पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी करायी गया. इधर, सैकड़ों की संख्या में पार्टी के लोग व शुभचिंतक जमे रहे. हर कोई घटना को दुखद बता रहा था. कहा कि रंजीत हमेशा सबकी मदद करते थे. जेवीएम जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा सहित कई मौजूद थे.

इमरजेंसी में फफक पड़े समर्थक व परिजन

पूर्वाह्न 10.30 बजे के आसपास इमरजेंसी में सरायढेला पुलिस ने कहा कि पंचनामा तैयार किया जायेगा. इमरजेंसी में समर्थकों के हुजूम के आगे पुलिस प्रशासन पस्त था.

काफी देर के बाद किसी तरह पुलिस ने पंचनामा तैयार किया. इसके बाद एबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इस दौरान कई समर्थक रोते रहे, हर कोई घटना की निंदा कर रहा था. शव रखने के बाद काफी संख्या में समर्थक रात भर मर्चरी के पास ही जमे रहे. स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस के जवान भी लगाये गये थे.

मेयर सहित कई पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस

मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, कांग्रेस नेता संतोष सिंह सहित कई लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, निगम से शव वाहन लाया गया. समर्थकों ने शव वाहन को फूल माला से सजा दिया.

सरायढेला, गोंदूडीह व केंदुआडीह की पुलिस भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंची थी. हंगामा नहीं हो इसके लिए पुलिस बल भी मौजूद था. पोस्टमार्टम के बाद अपराह्न चार बजे शव लेकर समर्थक काफिले के साथ झरिया की ओर रवाना हुए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola