एक ही घर पर तीन दिन में दो बार धावा,पहले LCD उड़ाया, फिर AC खोलकर ले गया चोर
सांकेतिक तस्वीर.
देवघर में एक शातिर चोर ने 3 दिन में दो बार एक ही घर को निशाना बनाया. पहले LCD टीवी, फिर AC के पार्ट्स उड़ा ले गया. CCTV फुटेज से खुला राज.
वरीय संवाददाता, देवघर. नगर थाना क्षेत्र के पुरनदाहा मोड़ स्थित कामेश्वर चौधरी के आवास को एक शातिर चोर ने तीन दिनों के अंतराल में दो बार निशाना बनाया. दोनों वारदात दिनदहाड़े हुईं और दोनों ही घटनाएं घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयीं. पहली बार आरोपी घर से एलसीडी टीवी चोरी कर ले गया, जबकि तीन दिन बाद दोबारा पहुंचकर एसी का इनडोर और आउटडोर यूनिट खोलकर टोटो पर लाद लिया और आराम से फरार हो गया.
आपके शहर में
पहले एलसीडी, फिर एसी पर साधा हाथ
जानकारी के अनुसार, पहली चोरी 28 अगस्त को हुई. आरोपी मौका देखकर कामेश्वर चौधरी के घर में घुसा और एलसीडी टीवी लेकर फरार हो गया. घटना के तीन दिन बाद 31 अगस्त को वह दोबारा उसी मकान में पहुंचा. इस बार उसने एसी के इनडोर और आउटडोर दोनों यूनिट खोल लिये.
चोरी का सामान ले जाने के लिए आरोपी ने बाकायदा एक टोटो का इंतजाम कर रखा था. एसी की दोनों यूनिट को टोटो पर लादकर वह निकलने की तैयारी में था.
महिला ने टोका तो दिया गृहस्वामी का नाम
इसी दौरान घर की एक महिला सदस्य की नजर आरोपी पर पड़ गयी. महिला ने संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की. इस पर आरोपी ने बड़ी चालाकी से महिला को झांसा देते हुए कहा कि "गृहस्वामी ने ही उसे एसी ले जाने के लिए भेजा है."
महिला जब इसकी पुष्टि करने के लिए घर के अंदर गयी, तभी आरोपी ने मौका पाकर एसी का इनडोर और आउटडोर यूनिट टोटो पर लादा और वहां से फरार हो गया.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, संदिग्ध हिरासत में
दोनों चोरी की घटनाओं की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गयी. घटना के बाद गृहस्वामी कामेश्वर चौधरी ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की.
शिकायत मिलते ही नगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया. फुटेज के आधार पर पुलिस ने डिफनिट नामक एक युवक को संदिग्ध के रूप में चिह्नित किया और उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है.
कबाड़ी व्यवसायी के बेटे से भी हुई पूछताछ, बाद में छोड़ा
पुलिस ने पूछताछ के आधार पर हिरना मोहल्ला निवासी एक कबाड़ी व्यवसायी के बेटे को भी थाना बुलाकर पूछताछ की. हालांकि, गहन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया.
फिलहाल नगर थाना पुलिस हिरासत में लिये गये संदिग्ध डिफनिट से पूछताछ कर रही है. पुलिस चोरी किये गये एलसीडी और एसी की बरामदगी के साथ-साथ इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए