वर्षों से जिस दुकान के सहारे चल रहा था जीवन, उसी के मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत
क्षतिग्रस्त दीवार| Prabhat Khabar Network
सारठ में एक दर्दनाक हादसा.वर्षों से राशन दुकान में सोने वाले नंदकिशोर राय की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत. परिवार सदमे में.
सारठ बाजार. पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच बुधवार की रात सारठ थाना क्षेत्र के गजियाडीह गांव के मोहली टोला में दर्दनाक हादसा हो गया. घर की दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके मलबे में दबकर 76 वर्षीय नंदकिशोर राय की मौत हो गयी. हादसे की जानकारी परिजनों को गुरुवार की सुबह मिली. परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
आपके शहर में
रोज की तरह राशन दुकान में सोने गये थे नंदकिशोर
परिजनों के अनुसार, गजियाडीह मोहली टोला स्थित घर में वर्षों से राशन दुकान संचालित होती है. नंदकिशोर राय रोजाना की तरह बुधवार की रात खाना खाने के बाद दुकान में ही सोने चले गये थे. उन्होंने दुकान का गेट अंदर से बंद किया और मच्छरदानी लगाकर सो गये.
देर रात सोने के दौरान अचानक दुकान की दीवार का एक हिस्सा भरभराकर उनके ऊपर गिर गया. दीवार के मलबे में दबने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और उनकी जान चली गयी.
सुबह पड़ोसियों ने दी सूचना, बेटों ने मलबा हटाकर निकाला
गुरुवार की सुबह बगल के लोगों ने परिजनों को फोन कर दुकान के अंदर की दीवार गिरने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुत्र सुनील राय, इंद्रजीत राय समेत अन्य परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे. दुकान का गेट खोलकर सभी अंदर गये और मलबा हटाने में जुट गये.
काफी मशक्कत के बाद परिजनों ने नंदकिशोर राय को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
कमर के ऊपर का हिस्सा दबा, सिर और चेहरा बुरी तरह जख्मी
परिजनों के अनुसार, हादसे में नंदकिशोर राय का कमर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह मलबे में दब गया था. वहीं सिर और चेहरा भी बुरी तरह जख्मी हो गया था. अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया.
नंदकिशोर राय की मौत के बाद उनकी पत्नी सावित्री देवी, पुत्र सुनील राय और इंद्रजीत राय समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
विधायक समेत कई लोगों ने पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक उदयशंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, जेएमएम नेता परिमल सिंह समेत अन्य लोग मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और उन्हें ढांढस बंधाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए