देवघर में शराब पार्टी के बीच पुलिस का छापा : आर्म्स सप्लायर समेत दो धराए, SP ने खुद की पूछताछ
देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. शराब पार्टी और आपराधिक योजना की सूचना पर हुई कार्रवाई में एक युवक के पास से कार्बाइन जैसे हथियार मिलने की चर्चा है. पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए गहन पूछताछ कर रही है.
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर कथित आर्म्स सप्लायर समेत दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर बुधवार देर रात कुंडा थाना पहुंचे और करीब चार घंटे तक थाना में कैंप कर हिरासत में लिये गये दोनों युवकों से पूछताछ की.
पूछताछ में अहम जानकारी मिलने की बात
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं. आशंका जतायी जा रही है कि संदिग्धों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है. इसी आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
कार्बाइन जैसे हथियार मिलने की चर्चा
बताया जाता है कि एक संदिग्ध युवक के पास से कार्बाइन जैसे बड़े हथियार मिलने की चर्चा है. हालांकि पुलिस के किसी भी पदाधिकारी ने इस मामले में आधिकारिक रूप से कुछ भी बताने से इंकार किया है. सूत्रों की मानें तो हिरासत में लिये गये युवकों के पास से हथियार बरामद किये गये हैं, लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गयी है.
शराब पार्टी और आपराधिक योजना की सूचना
जानकारी के मुताबिक, कुंडा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक एक जगह जुटकर शराब पार्टी कर रहे हैं और किसी आपराधिक योजना को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की. इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उनके एक-दो साथी वहां से भाग निकलने में सफल रहे.
एक संदिग्ध बिहार का रहने वाला
हिरासत में लिया गया एक युवक मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है, जो वर्तमान में देवघर में रह रहा है. पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस की छापेमारी जारी है. संभावना जतायी जा रही है कि पुलिस शुक्रवार को पूरे मामले का खुलासा कर सकती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए