देवघर एयरपोर्ट पर क्यों मंडराया फ्लाइट्स की लैंडिंग पर खतरा? लेजर लाइट से परेशानी के बाद पुलिस अलर्ट
देवघर एयरपोर्ट। Prabhat Khabar Network
देवघर एयरपोर्ट पर लेजर लाइट के कारण विमानों की लैंडिंग में परेशानी हुई. इसके बाद पुलिस ने शाम 7 से रात 9 बजे तक विशेष निगरानी का आदेश दिया है. एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की है.
देवघर : देवघर एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में एक दिन हरे लेजर लाइट की रोशनी से फ्लाइट के टेकऑफ व लैंडिंग में परेशानी हुई थी. एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गयी. शिकायत मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर मामले की जांच डीएसपी स्तर के पदाधिकारी से करायी गयी. जांच के दौरान संबंधित फ्लाइट के पायलट समेत एयर कंपनी के अधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी ली गयी. जांच में लेजर लाइट से फ्लाइट संचालन में परेशानी होने की पुष्टि हुई. इसके बाद जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट एसपी को सौंप दी.
शाम सात से रात नौ बजे तक विशेष निगरानी
रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी के स्तर से एयरपोर्ट के आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया है. पुलिस को निर्देश दिया गया है कि शाम सात बजे से रात नौ बजे तक इलाके में कहीं भी लेजर लाइट का प्रयोग नहीं हो. इस दौरान डीजे बजाने पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया है.
हरी, ब्लू और लाल लेजर लाइट से खतरे की आशंका
आशंका जतायी जा रही है कि डीजे में इस्तेमाल होने वाली हरी, ब्लू व लाल लेजर लाइट की रोशनी काफी दूर तक जाती है. ऐसी रोशनी एयरपोर्ट के आसपास से ऊपर की ओर जाने पर फ्लाइट के टेकऑफ व लैंडिंग के दौरान परेशानी पैदा कर सकती है.
विमानों के आवागमन के दौरान खतरे की चर्चा
चर्चा है कि डीजे की लेजर लाइट काफी दूर तक जाती है, जिससे विमानों के आवागमन के दौरान खतरा उत्पन्न हो सकता है. हालांकि, इस संबंध में कोई भी पदाधिकारी स्पष्ट रूप से जानकारी देने से परहेज करते रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए