मोहनपुर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खुलासा, 7 गिरफ्तार; लाखों की ड्रग्स और नकदी जब्त
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते एसडीपीओ कुलदीप कुमार और मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा.
देवघर पुलिस ने मोहनपुर में छापेमारी कर 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.04 लाख रुपये नकद के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया है. एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी.
वरीय संवाददाता, देवघर: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान में मोहनपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने जामुनिया यात्री रोड के समीप छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में कथित रूप से शामिल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,04,990 रुपये नकद बरामद किये गये हैं. जब्त ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गयी है.
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम, फिर दबिश
एसडीपीओ कुलदीप कुमार के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को सूचना मिली थी कि जामुनिया यात्री रोड के पास कुछ लोग नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं.
सूचना का सत्यापन कराने के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने चिह्नित स्थान पर दबिश दी और सात लोगों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर और नकदी बरामद की.
पश्चिम बंगाल और मधुपुर से लाने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे पश्चिम बंगाल और मधुपुर क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर मोहनपुर, सोनारायठाढ़ी और आसपास के इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचते थे.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरि मंडल उर्फ हिरन मंडल (50), गोविंद राय (34), राहुल कुमार (22), दीप यादव (21), तेतन मुर्मू (25), रंधीर यादव (30) और विकास कुमार (21) के रूप में हुई है.
17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.05 लाख रुपये जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से कुल 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की. इसके अलावा 1,04,990 रुपये नकद भी जब्त किये गये.
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये बतायी है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, हरि मंडल नशीले पदार्थ से जुड़े मामलों में पहले भी जेल जा चुका है और जनवरी में जमानत पर बाहर आया था.
आदतन अपराधियों की जमानत रद्द कराने की तैयारी
पुलिस ने बताया कि पूर्व में जेल जा चुके आदतन अपराधियों की जमानत रद्द कराने के लिए न्यायालय में प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की जायेगी.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मादक पदार्थ की सप्लाई का पूरा नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है.
पुलिस ने लोगों से की सूचना देने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए