सारठ में 8.19 करोड़ के 4 पुलों को मंजूरी, तीन और की स्वीकृति जल्द

Updated:
विज्ञापन

चुन्ना सिंह ,विधायक सारठ | Prabhat Khabar Network

सारठ और पालोजोरी में 8.19 करोड़ की लागत से 4 पुल बनेंगे. विधायक ने कहा, ये पुल क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे और आवागमन आसान करेंगे.

विज्ञापन

सारठ. सारठ विधानसभा क्षेत्र में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में चार नये पुलों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत क्षेत्र में 8 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से चार पुलों के निर्माण की स्वीकृति मिल गयी है. विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने बताया कि क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से इन पुलों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलायी गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सारठ में दो, पालोजोरी में दो पुलों का होगा निर्माण

सारठ प्रखंड की कचुवाबांक एवं जमुवासोल पंचायत को जोड़ने वाले केचुआबाक-गोपलारायडीह जोरिया पर 27 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जायेगा. इस पुल के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 69 लाख रुपये खर्च होंगे.

वहीं डिंडाकोली-नैयाडीह जोरिया पर पुल निर्माण के लिए 3 करोड़ 40 लाख 44 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है.

इसी तरह पालोजोरी प्रखंड की महुआडाबर पंचायत स्थित अमगाछी जोरिया पर पुल निर्माण के लिए 1 करोड़ 38 लाख 22 हजार रुपये तथा बसहा-जमुआ जोरिया पर पुल निर्माण के लिए 1 करोड़ 71 लाख 19 हजार रुपये की स्वीकृति दी गयी है.

निविदा के बाद जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी करायी जायेगी. इसके बाद सभी चारों पुलों का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा. उन्होंने कहा कि पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और लोगों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी.

उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन क्षेत्रों में पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को प्रखंड और मुख्य मार्गों तक पहुंचने में सुविधा होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी.

तीन और पुलों की स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद

विधायक ने बताया कि फिलहाल विधानसभा क्षेत्र के लिए चार पुलों की स्वीकृति मिली है, जबकि तीन और पुलों की स्वीकृति जल्द होने वाली है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं.

हर क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही गति : विधायक

चुन्ना सिंह ने कहा कि प्रदेश की हेमंत सरकार क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है. स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और सड़क समेत विभिन्न क्षेत्रों में जनोपयोगी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को गति दी जायेगी.

विधायक ने सारठ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola