बैंक से निकलते ही रिटायर दारोगा पर नजर:देवघर में ब्लेड से थैला काट 10 हजार उड़ाये

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर.

देवघर में इंडियन बैंक के बाहर एक सेवानिवृत्त दरोगा को बदमाशों ने निशाना बनाया. उन्होंने ब्लेड से थैला काटकर ₹10 हजार नकद और अहम कागजात चुरा लिए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

आशीष कुंदन, देवघर. नगर थाना क्षेत्र के सत्संग चौक स्थित इंडियन बैंक शाखा के बाहर बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त दारोगा को निशाना बनाते हुए ब्लेड से उनका कपड़े का थैला काट दिया और अंदर रखा हैंड बैग लेकर फरार हो गये. हैंड बैग में 10 हजार रुपये के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, चेक और आयुष्मान कार्ड रखे थे. घटना एक सितंबर की दोपहर करीब दो बजे की बतायी गयी है. मामले को लेकर बेलाबगान दुर्गाबाड़ी निवासी सेवानिवृत्त एसआइ अलखदेव सिंह ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने पुलिस से बदमाशों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बैंक से निकाले 25 हजार, 15 हजार जेब में और बैग में रखे 10 हजार

प्राथमिकी के अनुसार, अलखदेव सिंह का सत्संग चौक स्थित इंडियन बैंक शाखा में बचत बैंक खाता है. एक सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच उन्होंने बैंक से 25 हजार रुपये निकाले थे. 500 रुपये के 30 नोट यानी 15 हजार रुपये उन्होंने अपनी पैंट की जेब में रख लिये. वहीं 200 रुपये के 50 नोट यानी 10 हजार रुपये एक छोटे हैंड बैग में रखकर उसे कपड़े के थैले के अंदर रख दिया.

बैंक गेट तक पहुंचते ही पीछे लग गये दो युवक

बैंक से रुपये निकालने के बाद करीब दो बजे अलखदेव सिंह बाहर निकले और गेट की ओर बढ़े. इसी दौरान उन्होंने देखा कि दो अज्ञात युवक उनके पीछे-पीछे चल रहे थे. आरोप है कि बैंक गेट के पास पहुंचते ही दोनों युवकों ने ब्लेड से उनका कपड़े का थैला काट दिया और उसके अंदर रखा छोटा हैंड बैग निकाल लिया. थैला काटने और बैग निकालने की भनक तत्काल उन्हें नहीं लगी.

स्कूटी निकालते समय बदमाश ने कही गाड़ी निकालने की बात

प्राथमिकी में बताया गया है कि बैंक से बाहर निकलने के बाद जब अलखदेव अपनी स्कूटी निकाल रहे थे, तभी दोनों में से एक युवक ने उनसे कहा कि उसे भी गाड़ी निकालनी है. स्कूटी निकालने के बाद उक्त युवक बाइक पर सवार होकर तेजी से वहां से निकल गया. दोनों संदिग्ध युवकों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बतायी गयी है.

स्कूटी में थैला टांगने लगे तो चला चोरी का पता

अलखदेव सिंह जब अपना कपड़े का थैला स्कूटी में टांगने लगे, तब उनकी नजर कटे हुए थैले पर गयी. थैला ब्लेड से कटा था और उसके अंदर रखा हैंड बैग गायब था. इसके बाद उन्हें बैंक से बाहर निकलने के दौरान हुई चोरी की घटना का पता चला. हैंड बैग में रखे 10 हजार रुपये के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, चेक और आयुष्मान कार्ड भी बदमाश ले गये.

बैंक गार्ड और अधिकारी को दी सूचना, नगर थाना में प्राथमिकी

घटना की जानकारी मिलते ही अलखदेव सिंह ने बैंक के गार्ड और बैंक पदाधिकारी को इसकी सूचना दी. इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola