राशन कार्ड में जाति अपडेट पर रोक, वोटर लिस्ट के अंतिम प्रकाशन तक इंतजार

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

झारखंड सरकार ने राशन कार्ड में जाति अपडेट की प्रक्रिया रोकी. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक लाभुकों को इंतजार करना होगा. जानें कारण.

विज्ञापन

देवघर: झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी है. अब मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति संबंधी जानकारी अपडेट नहीं की जायेगी.

विज्ञापन

इस प्रक्रिया के तहत राशन कार्ड में एसटी, एससी, बीसी-1, बीसी-2 और पीवीटीजी श्रेणी की जाति संबंधी जानकारी अपडेट की जानी थी. विभाग ने फिलहाल इस पूरी कार्रवाई पर रोक लगा दी है.

9 सितंबर को जारी हुआ निर्देश

विभाग के सरकार के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने 9 सितंबर 2026 को इस संबंध में राज्य के सभी विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारियों और जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है.

निर्देश की प्रतिलिपि सभी उपायुक्तों को भी सूचना और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह रोक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक प्रभावी रहेगी.

एसआइआर में लगे हैं बड़ी संख्या में कर्मचारी

विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), 2026 के तहत नोटिस चरण में प्राप्त दावे और आपत्तियों के सत्यापन का काम चल रहा है.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्तों की ओर से विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मियों को इस कार्य में लगाया गया है. इसके कारण प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदनों का समय पर निष्पादन नहीं हो पा रहा है.

राशन कार्ड अपडेट के लिए लगातार आ रहे थे आवेदन

राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट कराने के लिए लाभुक बड़ी संख्या में प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन दे रहे थे.

लेकिन एसआइआर के काम में कर्मचारियों की तैनाती के कारण इन आवेदनों के निष्पादन में परेशानी आ रही थी. इसी स्थिति को देखते हुए विभाग ने फिलहाल राशन कार्ड में जाति अपडेट करने की कार्रवाई रोकने का फैसला लिया है.

पहले दो बार जारी हो चुका था निर्देश

राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने को लेकर विभाग पहले ही 1 जुलाई 2026 के पत्रांक-1700 और 28 जुलाई 2026 के पत्रांक-2005 के माध्यम से निर्देश जारी कर चुका था. विभागीय स्तर पर इसकी निगरानी भी की जा रही थी.

अब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के 8 सितंबर 2026 के पत्र के आलोक में जाति अपडेट की प्रक्रिया को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है.

अंतिम प्रकाशन के बाद फिर शुरू होगी प्रक्रिया

विभाग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि तक राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने की कार्रवाई करना संभव प्रतीत नहीं होता. इसलिए फिलहाल यह प्रक्रिया रोक दी गयी है.

अब लाभुकों को राशन कार्ड में जाति संबंधी जानकारी अपडेट कराने के लिए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक इंतजार करना होगा. इसके बाद विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया को लेकर नया निर्देश जारी किया जा सकता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola