देवघर में जीएसटी कैंप में ऑन द स्पॉट 20 कारोबारियों का रजिस्ट्रेशन, व्यापारियों को मिला बड़ा मार्गदर्शन
मंचासीन जीएसटी के अधिकारीगण | Prabhat Khabar Network
देवघर में व्यापारियों के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन और जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया. इस कैंप में 20 व्यापारियों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन किया गया और उन्हें जीएसटी के नियमों व प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई.
देवघर: व्यापारियों को जीएसटी के प्रति जागरूक करने और पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय होटल में जीएसटी विभाग की ओर से रजिस्ट्रेशन सह जागरूकता कैंप आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जीएसटी संताल परगना के एडिशनल कमिश्नर संजय गुप्ता, देवघर के ज्वाइंट कमिश्नर सज्जन पांडेय और देवघर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रवि केसरी ने किया.
कैंप में ऑन द स्पॉट 20 व्यापारियों का जीएसटी रजिस्ट्रेशन किया गया. इस दौरान व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित नियमों, पंजीकरण प्रक्रिया और कर भुगतान को लेकर जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने व्यापारियों की जीएसटी से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी बताया.

समय पर टैक्स भुगतान की अपील
ज्वाइंट कमिश्नर सज्जन पांडेय ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने कारोबार का नियमानुसार जीएसटी पंजीकरण करायें और समय पर टैक्स का भुगतान करें. उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था के प्रति जागरूकता से व्यापारियों को भी लाभ होगा और सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी.
चेंबर अध्यक्ष रवि केसरी ने भी अधिक से अधिक व्यापारियों से जीएसटी पंजीकरण कराने की अपील की. उन्होंने अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट से कहा कि व्यापारियों को जीएसटी विभाग से नोटिस मिलने पर इसकी जानकारी और प्रक्रिया से अवगत करायें. साथ ही समय पर टैक्स जमा करने के लिए भी प्रेरित करें, ताकि सरकार के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने में व्यापारिक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
कैंप में काफी संख्या में व्यापारी, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट और जीएसटी कार्यालय के कर्मचारी मौजूद थे. इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित विभिन्न पहलुओं और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए