Deoghar news : हाट से कपड़ा खरीदकर बाइक से लौट रहे थे दादा-पोती, कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल
मोहनपुर के बरदेहिया गांव के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक पर सवार दादा और पोती गंभीर रूप से घायल हो गये. देवघर के निजी अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है.
प्रतिनिधि, मोहनपुर. मोहनपुर थाना क्षेत्र के बरदेहिया गांव के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक पर सवार दादा और पोती गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के संबंध में बताया जाता है कि हंसडीहा थाना क्षेत्र के राजदह गांव निवासी हरकिशोर राय अपनी पोती प्रियांशी कुमारी के साथ जमुनिया गांव से मोहनपुर हाट कपड़ा खरीदने आये थे और खरीदारी के बाद वापस जमुनिया लौट रहे थे. इसी दौरान बरदेहिया गांव के पास सड़क किनारे अपने एक रिश्तेदार के यहां कुछ देर के लिए बाइक खड़ी कर वे रुके थे. तभी विपरीत दिशा से आ रही एक कार के चालक ने नियंत्रण खोते हुए खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दादा और पोती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाया और इलाज के लिए देवघर भेजने की व्यवस्था की. स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाले कार चालक की पहचान कर ली और इसकी सूचना मोहनपुर थाना पुलिस को दी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है. वहीं घायलों का इलाज देवघर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का उपचार किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए