पूजा करने देवघर आए कांवरिया की सड़क हादसे में मौत, बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए परिजन.
देवघर में सड़क हादसे में 70 वर्षीय कावंरिया की दर्दनाक मौत. खाना खाकर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पिकअप वैन ने मारी टक्कर, चालक फरार.
देवघर: देवघर में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जसीडीह थाना क्षेत्र के बाघमारा स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने 70 वर्षीय बुजुर्ग कांवरिया रामबदन साह को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद पिकअप वैन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल कांवरिया को पुलिस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
खाना खाने के बाद पत्तल फेंकने सड़क पार कर रहे थे बुजुर्ग
जानकारी के मुताबिक, बिहार के सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के हनुमान नगर निवासी दर्जनों कांवरिया बस से पूजा करने देवघर आए थे. सोमवार की रात करीब 11:30 बजे जसीडीह थाना क्षेत्र के बाघमारा स्टैंड के पास कांवरियों ने अपनी बस खड़ी की थी. सभी ने वहाँ खाना बनाया और खाया. खाना खाने के बाद 70 वर्षीय कांवरिया रामबदन साह पत्तल फेंकने के लिए जैसे ही सड़क पार करने लगे, तभी तेज गति से आ रही एक पिकअप वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायल रामबदन साह सड़क पर लहुलूहान होकर तड़पने लगे. उनके साथी कांवरियों ने देर रात ही घटना की सूचना पुलिस सहायता नंबर डायल 112 पर दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल बुजुर्ग को तुरंत इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर घर लौटे परिजन
इस दुखद घटना के बाद मृतक के भाई नारायण साह ने जसीडीह थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी दी. हादसे के बाद कांवरियों के जत्थे और परिवार में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजन कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक का शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने साथ वापस घर (सीतामढ़ी) ले गए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए