स्कूली बच्चे बनाएंगे ऊर्जा संरक्षण की तस्वीर, राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा प्रतिभा को मंच
AI-generated प्रतीकात्मक तस्वीर
ऊर्जा संरक्षण के प्रति छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 30 सितंबर तक पूरी होगी, जिसके बाद श्रेष्ठ चित्र जिला और फिर राष्ट्रीय स्तर पर भेजे जाएंगे.
30 सितंबर तक पूरी होगी विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता, हर समूह से दो श्रेष्ठ चित्र जिला स्तर के लिए होंगे चयनित
देवघर : ऊर्जा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्देश दिया है. यह प्रतियोगिता ऊर्जा संरक्षण विषय पर विद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली चित्रकला प्रतियोगिता-2026 के तहत होगी.
आपके शहर में
पांचवीं से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थी होंगे शामिल
प्रतियोगिता में पांचवीं, छठी और सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को समूह ‘क’ तथा आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को समूह ‘ख’ में रखा गया है. सरकारी, गैर सरकारी, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक विद्यालय समेत संबंधित मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकेंगे.
30 सितंबर तक होगी विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता
विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 30 सितंबर 2026 तक आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है. प्रत्येक समूह से दो सर्वश्रेष्ठ चित्रों का चयन कर उन्हें 10 अक्तूबर तक जिला स्तर पर जमा करना होगा. जिला स्तर से चयनित चित्रों को 25 अक्तूबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजना होगा.
विद्यालय स्तर पर नामित होंगे नोडल पदाधिकारी
प्रतियोगिता के लिए विद्यालय स्तर पर संबंधित पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित करना होगा. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने का अवसर मिलेगा.
दिसंबर में नई दिल्ली में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता दिसंबर में नई दिल्ली में आयोजित होगी. दस्तावेज में विद्यार्थियों से ऊर्जा संरक्षण के संदेश को चित्रों के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गयी है. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए