दो साल बाद भी अधूरा गौरीपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र,नोटिस के बाद भी नहीं हुआ काम

Updated:
विज्ञापन

गौरीपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

देवघर के गौरीपुर गांव में 55 लाख रुपये की लागत से बन रहा स्वास्थ्य उपकेंद्र दो साल बाद भी अधूरा है. काम शुरू हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अब भी रुका हुआ है, जिससे ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए भी दूर जाना पड़ रहा है.

विज्ञापन

संवाददाता, देवघर: देवघर प्रखंड के गौरीपुर गांव में करीब 55 लाख रुपये की लागत से बन रहा स्वास्थ्य उपकेंद्र दो साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है. जिला परिषद के माध्यम से कराये जा रहे निर्माण की निर्धारित अवधि बीत चुकी है, जबकि करीब एक वर्ष से काम अधूरा पड़ा हुआ है. स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू नहीं होने से गौरीपुर और आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज के लिए भी दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

ढलाई और पलस्तर पूरा, फाइनल टच का इंतजार

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के निर्माण में ढलाई और पलस्तर का काम पूरा हो चुका है. हालांकि, अब तक फाइनल टच का काम नहीं किया गया है. करीब एक वर्ष से निर्माण कार्य बंद रहने के कारण भवन तैयार होकर भी ग्रामीणों के उपयोग में नहीं आ पा रहा है.

दो वर्ष पहले स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू हुआ था. ग्रामीणों को उम्मीद थी कि निर्माण पूरा होने के बाद गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो जायेगी, लेकिन निर्माण कार्य लंबा खिंचने से यह उम्मीद अब तक पूरी नहीं हो सकी है.

इलाज के लिए चांदडीह और सदर अस्पताल जाना मजबूरी

स्वास्थ्य उपकेंद्र चालू नहीं होने के कारण गौरीपुर और आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए चांदडीह स्थित अस्पताल या देवघर सदर अस्पताल जाना पड़ रहा है. इससे ग्रामीणों को समय के साथ आने-जाने का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू हो जाने से सामान्य बीमारी और प्राथमिक उपचार के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ती.

ठेकेदार को कई बार नोटिस, फिर भी नहीं बढ़ा काम

जिला परिषद की ओर से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित ठेकेदार को कई बार नोटिस दिया जा चुका है. इसके अलावा जिला परिषद के कनीय अभियंता उदय नारायण सिंह की ओर से विभाग को रिपोर्ट भी भेजी गयी है. इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं आयी है.

निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि सरकारी राशि से बन रहे स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण समय पर पूरा कर उसे आम लोगों के लिए शुरू किया जाना चाहिए.

जनप्रतिनिधियों ने जल्द शुरू कराने की मांग

स्थानीय वार्ड सदस्य शिवनारायण दास ने कहा कि यदि स्वास्थ्य उपकेंद्र समय पर शुरू हो जाता, तो गांव और आसपास के लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ता.

वहीं गौरीपुर पंचायत की मुखिया संतोषी शर्मा ने सिविल सर्जन और डीडीसी से स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए भवन का काम पूरा कर स्वास्थ्य उपकेंद्र जल्द शुरू कराया जाना चाहिए.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola