सरकारी ही नहीं, निजी स्कूलों के बच्चों की भी होगी दिव्यांगता स्क्रीनिंग, 21 सितंबर को समीक्षा
प्रतीकात्मक तस्वीर.
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में बच्चों की दिव्यांगता जांच तेज की. प्रशस्त ऐप 2.0 से होगी साप्ताहिक ऑनलाइन समीक्षा. निजी स्कूलों की रिपोर्ट भी शामिल.
वरीय संवाददाता, देवघर. राज्य के सभी कोटि के विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की दिव्यांगता जांच को लेकर शिक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है. केंद्र सरकार के निर्देश के आलोक में अब ‘प्रशस्त ऐप 2.0’ के माध्यम से बच्चों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग कार्य की साप्ताहिक ऑनलाइन समीक्षा की जायेगी.
इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेइपीसी) की ओर से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) और जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसइ) को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिया गया है.
निजी स्कूलों के बच्चों की स्क्रीनिंग रिपोर्ट भी होगी शामिल
निर्देश के अनुसार, सरकारी विद्यालयों के साथ सीबीएसइ, आइसीएसइ तथा सभी निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की स्क्रीनिंग रिपोर्ट की भी समीक्षा की जानी है.
इसके लिए 21 सितंबर को दो पालियों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी.
दोपहर 12 बजे होगी पहली समीक्षा बैठक
पहली बैठक 21 सितंबर को दोपहर 12 बजे से होगी. इसमें राज्यभर के सभी संसाधन शिक्षक एवं थेरेपिस्ट शामिल होंगे.
वहीं दूसरी समीक्षा बैठक शाम चार बजे से होगी.
नोडल पदाधिकारी और जिला प्रभारी भी होंगे शामिल
दूसरी बैठक में सभी अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी (प्रशस्त ऐप) तथा समावेशी शिक्षा प्रभाग के जिला प्रभारी भाग लेंगे.
प्रशासी पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार स्तर से इस स्क्रीनिंग कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है. ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी तैयारी और अद्यतन रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर बैठक में शामिल होना अनिवार्य होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए