Deoghar News : दो बाइक आमने-सामने भिड़ीं, युवक की मौत व साथी घायल

Updated:
विज्ञापन

नगर थानांतर्गत बाईपास सर्कुलर रोड पर गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इसमें एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : नगर थानांतर्गत बाईपास सर्कुलर रोड पर गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बरमसिया रिफ्यूजी कॉलोनी के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में देवघर रेलवे स्टेशन के समीप रहने वाले 18 वर्षीय हर्षित की मौत हो गयी. वहीं उसके साथ बाइक पर सवार बरमसिया इंदिरा नगर मुहल्ला निवासी ऋषभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. साथ ही बुलेट बाइक चालक को हिरासत में लेकर नगर थाना लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. बताया जाता है कि बुलेट बाइक बरमसिया की ओर से देवघर कॉलेज की दिशा में जा रही थी. बुलेट चला रहा युवक बैंककर्मी बताया जा रहा है. दूसरी ओर देवघर कॉलेज की ओर से बरमसिया की दिशा में एक बाइक पर दो युवक सवार होकर आ रहे थे. इसी दौरान बरमसिया रिफ्यूजी कॉलोनी के समीप मिट्टी से बने सामान बेचने वाले स्थान के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद हर्षित को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. समाचार लिखे जाने तक नगर थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है. हाइलाइट्स नगर थानांतर्गत बाईपास सर्कुलर रोड पर बरमसिया रिफ्यूजी कॉलोनी के पास हुआ हादसा देवघर स्टेशन के पास रहने वाले 18 वर्षीय हर्षित की हुई मौत, इंदिरा नगर निवासी ऋषभ घायल पुलिस ने दोनों बाइक जब्त किया, बुलेट चालक से पूछताछ

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola