सजीबुल हत्याकांड : मोबाइल के लालच में घाेंट दिया दोस्त का गला, शुभम गिरफ्तार, तीन मोबाइल व अन्य सामान बरामद

Updated at : 16 Nov 2018 8:11 AM (IST)
विज्ञापन
सजीबुल हत्याकांड : मोबाइल के लालच में घाेंट दिया दोस्त का गला, शुभम गिरफ्तार, तीन मोबाइल व अन्य सामान बरामद

देवघर : रेड रोज स्कूल के 12वीं का छात्र सजीबुल शेख हत्याकांड में पुलिस ने सारवां थाना क्षेत्र के महतोडीह गांव निवासी शुभम सिंह को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की, जहां से सजीबुल की जींस पेंट बरामद की गयी. फिर नवाडीह के खाली बहियार व तुतरापहाड़ी के समीप […]

विज्ञापन
देवघर : रेड रोज स्कूल के 12वीं का छात्र सजीबुल शेख हत्याकांड में पुलिस ने सारवां थाना क्षेत्र के महतोडीह गांव निवासी शुभम सिंह को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की, जहां से सजीबुल की जींस पेंट बरामद की गयी. फिर नवाडीह के खाली बहियार व तुतरापहाड़ी के समीप से बीयर की सात बोतल बरामद की गयी.
इसके बाद पुलिस ने उसके घर में व नारंगी पुल के समीप छापेमारी कर सजिबुल की तीन मोबाइल भी बरामद की. जिस कुएं से सजीबुल की लाश मिली थी, उसके अंदर से हेलमेट और जूते भी खोज निकाले गये. इस संबंध में कुंडा थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में सारवां इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार शुभम ने सजीबुल हत्याकांड में संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
पुलिस को उसने बताया कि सजीबुल की मोबाइल के लालच में ही उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए लाश महतोडीह गांव के समीप रहिया बहियार स्थित कुएं में डाल दिया था. इंस्पेक्टर प्रदीप ने इस खुलासे को देवघर पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि लाश बरामदगी के महज 48 घंटे में आरोपित दबोचा गया व सभी सामान की बरामदगी हो गयी.
सजीबुल मूलत: पश्चिम बंगाल अंतर्गत मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के भवानीपुर का रहनेवाला था. उसकी हत्या को लेकर चाचा दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के गुमरो निवासी हातिम अंसारी ने एफआइआर सारवां थाने में दर्ज करायी थी.
पहले बीयर पिलाया, नशा चढ़ने के बाद शर्ट से गला दबाकर मार डाला: इंस्पेक्टर ने बताया कि 10 नवंबर को सजीबुल उससे मिलने पहुंचा. इसके बाद उसके साथ नवाडीह बहियार व रतुरा पहाड़ी की तरफ जाकर दोनों ने आठ बोतल बीयर पी. सजीबुल को अधिक मात्रा में पिलाया और खुद कम पीया.
सजीबुल को जब काफी नशा आ गया तब उसे रात में रहिया बहियार कुएं से करीब 500 मीटर आगे पश्चिम-उत्तर दिशा में ले गया. वहीं अपने सर्ट से सजीबुल की गला दबाकर हत्या कर दी. उसकी जींस वहीं फेंक दी थी. घटना के बाद उसी की बाइक में सजीबुल का शव लादकर ला रहा था. रास्ते में गिर गया तो कुएं तक अकेले घसीटकर लाया. इसके बाद शव को कुएं में फेंककर उसी की बाइक से कुंडा थानांतर्गत बलियाचौकी के समीप तितमो बहियार पहुंचा. वहीं लावारिस हालत में सजीबुल की बाइक छोड़कर बलियाचौकी के समीप ऑटो पकड़ा और वापस घर लौटा.
मोबाइल सीडीआर से खुला राज:
इंस्पेक्टर ने बताया कि उसी कुएं से अब तक पुलिस को तीन लाशें मिली है. शुभम व उसके परिवार का खौफ गांव में इस कदर है कि डर के मारे कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं थे. बावजूद कुछ लोगों ने पुलिस को गुप्त सूचना दी थी. लाश बरामदगी के महज कुछ घंटों में पुलिस को संदिग्ध व घटनाक्रम का सुराग मिला था, किंतु पुलिस साक्ष्य संकलन में जुटी रही. पुलिस ने मृतक की मोबाइल का सीडीआर निकाला और तकनीकी अनुसंधान के सहारे हत्यारे तक पहुंची.
एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम कर रही थी छापेमारी
सजीबुल का शव मिलने के बाद एसपी नरेंद्र कुमार सिंह ने एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की. छापेमारी टीम में सारवां इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह, प्रशिक्षु एसआइ अवधेश बाड़ा, सारवां थाने के एएसआइ बेचन पासवान, तकनीकी सेल के कर्मी व अन्य शामिल थे.]
लॉज में हुई थी सजीबुल व शुभम की दोस्ती
इंस्पेक्टर प्रदीप ने बताया कि पूर्व में सजीबुल व शुभम करनीबाग ठाढ़ी रोड़ में स्थित एक प्राइवेट स्कूल के समीप लॉज में रहता था. उस वक्त शुभम संत जेवियर स्कूल में पढ़ता था. लॉज में रहते-रहते ही दोनों के बीच दोस्ती हुई थी. इसके बाद शुभम यहां से पढ़ाई छोड़कर गांव चला गया. बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा. प्रेस वार्ता के दौरान कुंडा थाना प्रभारी असीम कमल टोपनो, एएसआइ उपेंद्र सिंह, जेके सिंह भी मौजूद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola