चतरा: पांच माह से पेंशन नहीं मिलने से परेशान लाभुक, बैंक के चक्कर काटने को मजबूर
पेंशन योजना के लाभुक | Prabhat Khabar Network
सिमरिया प्रखंड में पांच माह से पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्ग और विधवा लाभुक परेशान हैं. बैंक के चक्कर काट रहे लोगों ने सरकार से भुगतान की मांग की है.
सिमरिया से धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
आपके शहर में
सिमरिया (चतरा). सिमरिया प्रखंड के पेंशन योजना के लाभुकों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना की राशि पिछले पांच माह से नहीं मिली है. पेंशन का भुगतान नहीं होने से वृद्ध, विधवा और अन्य लाभुक परेशान हैं. पेंशन की जानकारी लेने के लिए लाभुक रोजाना बैंक का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन राशि नहीं आने की जानकारी देकर उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है.
पेंशन पर निर्भर हैं बुजुर्ग और विधवा
पेंशन की राशि नहीं मिलने से लाभुकों के सामने खाने-पीने की सामग्री खरीदने से लेकर इलाज कराने तक की परेशानी खड़ी हो गयी है. कई लाभुकों का कहना है कि पेंशन ही उनके जीवन-यापन का मुख्य सहारा है. इसी राशि से वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करते हैं.
नहीं खरीद पा रहे है जरूरी दवाएं
पेंशन नहीं मिलने के कारण कई लोग जरूरी दवाएं भी नहीं खरीद पा रहे हैं. बीमारी का इलाज कराने में भी उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लाभुकों ने बताया कि लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट की स्थिति बन गयी है.
बैंक का चक्कर लगा रहे लाभुक
पेंशन आने की उम्मीद में लाभुक हर दिन बैंक पहुंच रहे हैं. वहां बैंक कर्मियों से जानकारी लेने के बाद पेंशन की राशि नहीं आने की बात बतायी जाती है. इसके बाद उन्हें निराश होकर घर लौटना पड़ता है. एदला गांव की लाभुक मंजू देवी, सावित्री देवी, बिलमती देवी, सोमरी देवी, रेशमी देवी और कंदन महतो ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है. खाने-पीने की सामग्री खरीदने के साथ बीमारी की दवा लेने में भी परेशानी हो रही है.
ये भी पढ़ें: चतरा: DMFT हॉल में जिला ग्राम सभा मंच का वार्षिक सम्मेलन, वनाधिकार कानून लागू करने की मांग
केंद्र सरकार से पेंशन भुगतान की मांग
लाभुकों ने कहा कि यदि पेंशन की राशि समय पर मिलती, तो वे अपनी जरूरी खाद्य सामग्री और दवाइयां खरीद सकते थे. उन्होंने केंद्र सरकार से पांच माह से लंबित पेंशन योजना की राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की है, ताकि आर्थिक परेशानी झेल रहे वृद्ध और विधवा लाभुकों को राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए