दासी महोत्सव में गूंजा पर्यटन विकास का संकल्प, सांसद ने कहा - दिलाया जायेगा राजकीय महोत्सव का दर्जा
कार्यक्रम में उपस्थित सांसद, विधायक/ Prabhat Khabar Network
सांसद कालीचरण सिंह ने दासी महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने का वादा किया। दासी पहाड़ पर 66 लाख की लागत से वाकिंग ब्रिज का शिलान्यास भी किया गया।
धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
सिमरिया. सावन पूर्णिमा के अवसर पर प्रखंड के कान्हुखाप गांव स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दासी पहाड़ पर दासी महोत्सव का आयोजन किया गया. महोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पारंपरिक गीत-संगीत व नृत्य ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद कालीचरण सिंह, विधायक कुमार उज्ज्वल दास, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता और मुखिया बिनोद महतो मुख्य रूप से मौजूद रहे. अतिथियों का स्वागत ढोल-नगाड़े, पारंपरिक गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ किया गया.
दासी महोत्सव को राजकीय दर्जा दिलाने का प्रयास
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि दासी महोत्सव को निकट भविष्य में राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दासी पहाड़ की धार्मिक और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित कराने का प्रयास किया जाएगा.
पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित
विधायक कुमार उज्ज्वल दास ने कहा कि दासी पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पिछली बार उन्होंने पुल निर्माण की घोषणा की थी, जिसका शिलान्यास अब संपन्न हो गया है. अगली बार इसका लोकार्पण किया जाएगा. कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रमन कुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि अक्षवट सिंह, विजय दांगी, वकील राम समेत आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप भोगता, सचिव संतोष यादव, कोषाध्यक्ष खेमलाल भोगता, उपाध्यक्ष नकुल भोगता, बाबूलाल भोगता, नरेश यादव, बालेश्वर यादव, राजेश यादव, कोलेश्वर गंझू, प्रेम गंझू, दीपन भोगता, उदय भोगता, उमेश भोगता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. महोत्सव को सफल बनाने में मुखिया, आयोजन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
66 लाख की लागत से बनेगा वॉकिंग ब्रिज विद शेड
महोत्सव के दौरान सांसद कालीचरण सिंह और विधायक कुमार उज्ज्वल दास ने दासी पहाड़ तक पहुंचने के लिए 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वॉकिंग ब्रिज विद शेड का शिलान्यास किया. वहीं सांसद और विधायक ने स्थानीय मुखिया बिनोद महतो द्वारा निजी खर्च से निर्मित शेड और चबूतरे का उद्घाटन किया. बताया गया कि शेड और पुल निर्माण की मांग पर्यटकों और श्रद्धालुओं की ओर से कई वर्षों से की जा रही थी. इसके निर्माण से दासी पहाड़ पर पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
ये भी पढ़ें: चतरा : सीआरपीएफ जवान के घर से डेढ़ लाख नकद समेत 18.50 लाख के जेवरात की चोरी
झारखंडी और नागपुरी गीतों ने बांधा समां
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पोकला स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक झारखंडी और नागपुरी गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान रक्षा बंधन उत्सव भी मनाया गया. बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की.
ये भी पढ़ें: चतरा : मेले में जाने के लिए पैसे नहीं मिले, कुछ देर बाद बिगड़ी 12 वर्षीय बच्चे की तबीयत, रास्ते में मौत
वन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
महोत्सव के दौरान वन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया. लोगों से दासी पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील की गई. कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक बिनेश्वर कुमार ने किया. अंत में दासी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए