वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा लगाने की कवायद शुरू

Updated:
विज्ञापन

मंत्री व विधायक से मुलाकत करते हो समाज के पदाधिकारी.

चाईबासा में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग तेज, आदिवासी संगठनों ने मंत्री और विधायकों को सौंपा ज्ञापन। जानिए पूरी खबर।

विज्ञापन

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला कोल्हान के सेरेंगसिया कोल विद्रोह के महान योद्धा वीर शहीद सरदार पोटो हो के बलिदान को सम्मान देने की दिशा में चाईबासा में पहल शुरू हो गयी है. आदिवासी सामाजिक संगठनों ने जिला समाहरणालय परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क शुरू कर दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कई राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से की मुलाकात

रविवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी हो समाज महासभा, मानकी-मुंडा संघ और आदिवासी उरांव समाज संघ समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी सहित जिले के सभी विधायकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने सभी को ज्ञापन सौंपकर डीसी ऑफिस परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने के लिए आवश्यक पहल और सहयोग का आग्रह किया.

पोटो हो ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ किया संघर्ष : इपिल

आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था. ऐसे महान योद्धा की प्रतिमा जिला समाहरणालय परिसर में स्थापित होना पूरे कोल्हान के लिए गौरव की बात होगी. इससे उनके संघर्ष और बलिदान की स्मृति आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा स्थापित करने का विषय नहीं, बल्कि कोल्हान के इतिहास, वीरों के संघर्ष और उनके बलिदान को सम्मान देने की पहल है. इसलिए समाज की ओर से इस कार्य के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और प्रशासन से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा है.

प्रतिमा स्थापना में यथासंभव सहयोग करेंगे: मंत्री

कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने प्रतिमा स्थापना की सहमति देते हुए प्रतिनिधिमंडल की मांग का स्वागत किया. कहा कि कोल्हान की माटी के सपूत वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित करने की पहल सराहनीय है. उन्होंने कहा कि इस कार्य में जो भी उचित और संभव सहयोग होगा, वह स्वयं तथा जिले के सभी विधायक और सांसद मिलकर करेंगे.

इन जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

प्रतिमा स्थापना को लेकर कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू और मनोहरपुर विधायक जगत मांझी को ज्ञापन सौंपा गया. इसके अलावा झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा और सदर अंचल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी ज्ञापन देकर प्रतिमा स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola