चाईबासा में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान शुरू, एक महीने तक चलेंगे सफाई और जागरूकता कार्यक्रम
नगरपालिका की बैठक में अध्यक्षता करते अध्यक्ष नीतिन प्रकाश | Prabhat Khabar Network
चाईबासा नगर परिषद ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान शुरू किया है. यह एक महीने तक चलने वाला अभियान है जो जनभागीदारी और सामुदायिक सहभागिता पर केंद्रित है.
चाईबासा. शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से चाईबासा नगर परिषद ने गुरुवार से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत की. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक माह के इस अभियान में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सार्वजनिक स्थलों की सफाई, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया जाएगा.
नगर परिषद परिसर में आयोजित शुभारंभ समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों और सफाई मित्रों ने स्वच्छ चाईबासा का संकल्प लिया. नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, वार्ड पार्षदों, नगर परिषद के पदाधिकारियों-कर्मियों, पायनियर एजेंसी के प्रतिनिधियों और सफाई कर्मियों ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया.
शपथ लेकर स्वच्छता का लिया संकल्प
अभियान के शुभारंभ के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी. इसमें सार्वजनिक स्थलों को गंदगी से मुक्त रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया.
नगर परिषद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता को चाईबासा के नागरिकों की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है.
सफाई मित्रों की भूमिका पर जोर
शहर की सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों और सफाई मित्रों के योगदान को भी अभियान में प्रमुखता दी गयी. नगर परिषद की ओर से नागरिकों से सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गयी. कहा गया कि शहर को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है.
एक महीने तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों को कचरे के उचित निस्तारण, स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा.
नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान की अवधि तक सीमित नहीं रखा जाए. घर, सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की जिम्मेदारी हर नागरिक निभाए. कार्यक्रम के अंत में विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं भी दी गयीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए