टिकट बुक करने से पहले पढ़ लें ये खबर, 2 घंटे ठप रहेंगी रेलवे की कई ऑनलाइन सेवाएं
सांकेतिक तस्वीर
14 और 15 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि रेलवे की कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाएं 2 घंटे के लिए बंद रहेंगी. इस दौरान टिकट आरक्षण, पीएनआर पूछताछ और इंटरनेट बुकिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.
चक्रधरपुर: पूर्व रेलवे, कोलकाता द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, न्यू कोइलाघाट डेटा सेंटर में पीआरएस आधुनिकीकरण और नेटवर्क ढाँचे में सुधार के लिए विशेष रखरखाव का कार्य किया जाएगा. इसके तहत 14 और 15 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को योजनाबद्ध डाउनटाइम लिया जाएगा. उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक आनंद बर्द्धन ने पत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों को इस दौरान सतर्क और तैयार रहने का निर्देश दिया है.
तकनीकी खराबी सुधारने और आधुनिकीकरण के लिए डाउनटाइम
क्रिस कोलकाता के क्षेत्रीय महाप्रबंधक द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, वर्तमान में कार्य कर रहे जूनिपर बैकबोन राउटर अपनी सेवा सीमा समाप्त कर चुके हैं. नेटवर्क की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए एक अतिरिक्त लेयर-3 डिवाइस को यूटीएन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा, एनकेजी डेटा सेंटर में स्थित चेक पॉइंट सिक्योरिटी गेटवे में पावर सप्लाई यूनिट की समस्या को ठीक करने और बदलने का काम भी इसी दौरान पूरा किया जाएगा.
रात 12 से 2 बजे तक प्रभावित रहेंगी प्रमुख ऑनलाइन सेवाएं
इस मेंटेनेंस वर्क के कारण 13 और 14 सितंबर की मध्यरात्रि को रात 00:00 बजे से 02:00 बजे तक तथा 14 और 15 सितंबर की मध्यरात्रि को रात 00:00 बजे से 02:00 बजे तक रेलवे की कई महत्वपूर्ण सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी. इस दौरान कोलकाता पीआरएस की टिकट आरक्षण, रद्दकरण, चार्टिंग, पीएनआर पूछताछ और इंटरनेट बुकिंग की सेवाएं रुक सकती हैं.
यात्रियों के लिए यूटीएस मोबाइल व क्यूआर सेवाएं भी रहेंगी ठप
तकनीकी कार्य के चलते पीएमएस, रिटायरिंग रूम बुकिंग, डंब टर्मिनल पर यूटीएस टिकटिंग, जेटीबीएस, एटीवीएम और यूटीएस-ऑन-मोबाइल जैसी सेवाएं प्रभावित होंगी. इसके साथ ही वेब-सर्विस पर निर्भर रहने वाले क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा भी इन दो घंटों के लिए बंद रहेगी. रेल प्रशासन ने सभी क्षेत्रीय कंसोल और एसएंडटी स्टाफ को क्रिस के इंजीनियरों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं ताकि यात्रियों को अधिक समस्या न हो.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए