रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू
ट्रेन ठहराव के दौरान मौजूद लोग.
मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों ने गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का भव्य स्वागत किया।
मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया. लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया. ट्रेन के ठहराव को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने स्टेशन पर गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया. ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, डीआरएम तरुण हुरिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं रेल अधिकारियों ने ट्रेन का स्वागत किया. इसके बाद सांसद, विधायक एवं अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को उसके गंतव्य की ओर रवाना किया.
आपके शहर में
सामूहिक प्रयास से यह मांग पूरी हुई : सांसद
इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है. उन्होंने आज के दिन को मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र की जनता लगातार आवाज उठाती रही है. सामूहिक प्रयास से यह मांग पूरी हुई है. सांसद ने कहा कि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के जिन इलाकों में रेल सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किया जायेगा.
मनोहरपुर रेल फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण भी जरूरी
उन्होंने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया. कहा कि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए यहां रेल ओवरब्रिज का निर्माण बेहद जरूरी है. इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. विधायक जगत माझी ने कहा कि बीच-बीच में सारंडा सवारी गाड़ी का परिचालन बंद कर दिया जाना गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों के साथ अन्याय के समान है. उन्होंने क्षेत्र में रेल सुविधाओं का और विस्तार करने की मांग भी रखी. भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मनोहरपुर क्षेत्र को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिलने की उम्मीद है.
ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचते ही गाजे-बाजे के साथ हुआ स्वागत
ट्रेन के पहुंचते ही लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया. कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, बंधना उरांव, अशोक बांदा, वशिष्ठ यादव, अमर महतो, मुकेश रजक, विजय सिंह गागराई समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए