Chaibasa News : डीएमएसएफ ने पीयरलेस कोलकाता को हराया

Author Akash
Updated:
विज्ञापन

क्वार्टर फाइनल में आज डीएमएसएफ की टीम का सामना सेल बोकारो से होगा

विज्ञापन

प्रतिनिधि, चक्रधरपुर

सरेसा इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में खेले जा रहे 29वें स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को डीएमएसएफ व पीयरलेस कोलकाता के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया. सडन डेथ तक गये इस मुकाबले में देवेंद्र मांझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएमएसएफ) चक्रधरपुर की टीम ने पीयरलेस कोलकाता को 13-12 से पराजित किया. जीत के साथ डीएमएसएफ की टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. पहले हाफ में चक्रधरपुर की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एक गोल कर बढ़त बनाई और मध्यांतर तक 1-0 से आगे रही. मध्यांतर के बाद पीयरलेस कोलकाता ने वापसी करते हुए एक गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया. इसके कुछ ही मिनटों बाद कोलकाता ने दूसरा गोल दागकर 2-1 की बढ़त बना ली. निर्धारित 90 मिनट के खेल के बाद मिले 5 मिनट के अतिरिक्त समय में चक्रधरपुर की टीम ने शानदार गोल कर मुकाबले को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया. चक्रधरपुर की ओर से दोनों गोल लाल तिर्की ने किया. इसके बाद खेले गए 20 मिनट के अतिरिक्त समय में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं और मैच का फैसला टाई ब्रेकर में पहुंच गया. टाई ब्रेकर में भी दोनों टीमों ने जबरदस्त दबाव के बीच चार-चार गोल किए. इसके बाद सडन डेथ का सहारा लिया गया, जिसमें दोनों टीमों के 11-11 खिलाड़ियों ने किक ली और यहां भी 11-11 गोल की बराबरी रही. अंततः रिपीट किक के दौरान पीयरलेस कोलकाता की टीम 12 गोल ही कर सकी, जबकि चक्रधरपुर ने 13वां गोल दागकर जीत दर्ज की. मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले चक्रधरपुर के गोलकीपर लक्ष्मण बास्के प्लेयर ऑफ द मैच रहे. उन्होंने टाईब्रेकर में तीन गोल बचाये.

विधायक जगत माझी और मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने लक्ष्मण बास्के को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा. अब क्वार्टर फाइनल में डीएमएसएफ की टीम का सामना सेल बोकारो से होगा. यह मैच गुरुवार को होगा. उल्लेखनीय है कि देवेंद्र मांझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन टीम का गठन सांसद जोबा मांझी के दिवंगत पति स्व. देवेंद्र मांझी की स्मृति में किया गया है. मुकाबले के दौरान सांसद जोबा मांझी, विधायक जगत माझी तथा उदय मांझी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम में मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola