बोकारो में हर दिन ओपीडी पहुंच रहे 20 से ज्यादा बच्चे, जांच में डॉक्टरों के उड़े होश, सामने आयी यह वजह

Updated:
विज्ञापन

सदर अस्पताल में विजन की जांच करते एप्थोमॉलजिस्ट | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मोबाइल, लैपटॉप और टीवी के बढ़ते उपयोग से बच्चों की आँखों पर गंभीर असर पड़ रहा है. नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार, रोज कई बच्चे आँखों से जुड़ी समस्याओं के साथ क्लीनिक पहुंच रहे हैं, जिसका मुख्य कारण अत्यधिक स्क्रीन टाइम है. इससे बचाव के लिए विशेषज्ञ कई अहम उपाय बता रहे हैं.

विज्ञापन

बोकारो. मोबाइल, लैपटॉप, डेस्कटॉप और टेलीविजन का बढ़ता उपयोग बच्चों की आंखों पर गंभीर असर डाल रहा है. कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू हुई ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल उपकरणों पर बढ़ी निर्भरता का प्रभाव आज भी दिखाई दे रहा है. नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार, आंखों से जुड़ी समस्याओं के साथ अस्पताल और क्लीनिक पहुंचने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

विज्ञापन

बोकारो में प्रतिदिन लगभग 450 नेत्र रोगियों की जांच की जाती है. वहीं एक नेत्र विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना 30 से 35 मरीज आंखों की समस्या लेकर पहुंचते हैं, जिनमें 20 से 22 बच्चे शामिल होते हैं. जांच के दौरान अधिकांश बच्चों में दूर या नजदीक देखने में परेशानी, आंखों से पानी आना, जलन, आंखों का सूखापन तथा देर से पलक झपकाने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं.

ये भी पढ़ें: शरद ऋतु की आहट: जलाशयों के किनारे क्यों बिछ गई कांस के फूलों की सफेद चादर? जानिए इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व

ऑनलाइन पढ़ाई और मोबाइल का बढ़ता उपयोग बना कारण

कोविड काल में स्कूल बंद होने के बाद ऑनलाइन पढ़ाई विद्यार्थियों के लिए एकमात्र विकल्प बन गयी थी. हालांकि, इसका दुष्प्रभाव अब सामने आने लगा है. विशेषज्ञों का कहना है कि कई-कई घंटे तक मोबाइल स्क्रीन पर नजर टिकाये रखने से बच्चों की आंखों में ड्राईनेस बढ़ रही है. पढ़ाई के अलावा बच्चे लंबे समय तक मोबाइल गेम, वीडियो और सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आंखों पर दबाव बढ़ रहा है.

बदलती जीवनशैली भी जिम्मेदार

विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों से लेकर बड़ों तक की जीवनशैली में तेजी से बदलाव आया है. टीवी, मोबाइल और कंप्यूटर का अत्यधिक उपयोग आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है. पहले उम्र बढ़ने के साथ दिखाई देने वाली कई समस्याएं अब कम उम्र में भी सामने आने लगी हैं. लंबे समय तक स्क्रीन देखने से डिजिटल आई स्ट्रेन, आंखों का थकान, सिरदर्द और दृष्टि संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं.

आउटडोर गतिविधियों से दूरी का असर

कोरोना काल के बाद बच्चों का अधिकांश समय घरों के अंदर और डिजिटल उपकरणों के साथ बीतने लगा है. इससे न केवल आंखों पर असर पड़ा है, बल्कि बच्चों के व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रभाव देखने को मिल रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि आउटडोर खेलों से दूरी और अत्यधिक स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों में चिड़चिड़ापन, एकाग्रता की कमी और व्यवहारगत बदलाव भी देखे जा रहे हैं.

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

सरकारी अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीनाथ के अनुसार, मोबाइल स्क्रीन का आकार छोटा होने के कारण बच्चे पढ़ाई के दौरान आंखों पर अधिक दबाव डालते हैं. इससे आंखों में जलन, दर्द, पानी आना, सूखापन और दृष्टि संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि मोबाइल और टीवी की तेज रोशनी बच्चों की आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकती है. साथ ही इसका मानसिक प्रभाव भी पड़ता है, जिससे बच्चे चिड़चिड़े हो सकते हैं.

आंखों की सुरक्षा के लिए अपनायें ये उपाय

विशेषज्ञों ने बच्चों और अभिभावकों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है.

  • लगातार आधे घंटे से अधिक समय तक मोबाइल या स्क्रीन न देखें।
  • हर कुछ देर में आंखों को आराम दें और पलकें झपकाते रहें।
  • आंखों को समय-समय पर ठंडे पानी से धोएं।
  • पढ़ाई के अलावा मोबाइल पर गेम खेलने का समय सीमित करें।
  • बच्चों को आउटडोर खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें।
  • आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह लें और डॉक्टर द्वारा सुझाए गए आई ड्रॉप का ही उपयोग करें।

विशेषज्ञों का मानना है कि स्क्रीन टाइम को नियंत्रित कर, संतुलित दिनचर्या अपनाकर और नियमित नेत्र जांच कराकर बच्चों की आंखों को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है.

ये भी पढ़ें: चंद्रपुरा गोलीकांड: दो गोलियां निकलने के बाद भी गंभीर है रोहित की स्थिति, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola