सुंदरम स्टील में काम के दौरान घायल हुए मजदूर की मौत, 12.50 लाख रुपये मुआवजे पर समझौता
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
बोकारो के सुंदरम स्टील में हादसे के बाद घायल मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई. प्रबंधन और परिजनों के बीच मुआवजे पर सहमति बनी.
बोकारो. बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र स्थित बियाडा के सुंदरम स्टील में काम के दौरान घायल मजदूर अजय कौल की शनिवार को बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक देवघर का रहने वाला था और सुंदरम स्टील में मजदूर के रूप में कार्यरत था. घटना बालीडीह थाना क्षेत्र की है.
आपके शहर में
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था मजदूर
जानकारी के अनुसार, सुंदरम स्टील में काम करने के दौरान अजय कौल हादसे का शिकार हो गया था. गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन देवघर से बोकारो पहुंचे.
मजदूर की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर बातचीत शुरू हुई. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच दो दौर की वार्ता हुई. परिजन परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे.
12.50 लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति
श्रम उपाधीक्षक रंजीत कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के साथ 12.50 लाख रुपये के मुआवजे पर समझौता हो गया है. उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये हैं.
ये भी पढ़ें: मौसम बदलते ही चास में बढ़े मौसमी बीमारी के मरीज, अस्पताल की OPD में पहुंचे 60 से अधिक लोग
बालीडीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
न्याय मिलने तक परिवार के साथ रहेगा आजसू
मामले को लेकर आजसू जिलाध्यक्ष सचिन कुमार महतो ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय और उचित अधिकार मिलने तक आजसू उनके साथ रहेगा.
औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि अजय कौल के साथ हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए