ट्रक निकालने के दौरान पलटा हाइड्रा, मजदूर के दोनों पैर टूटे; चहारदीवारी भी ढही

Updated:
विज्ञापन

ट्रक निकालने के दौरान पलटा हाइड्रा

बोकारो थर्मल में लाइमस्टोन लदा ट्रक निकालने के दौरान हाइड्रा मशीन पलटने से एक मजदूर के दोनों पैर टूट गए. हादसे में बाल-बाल बचा हाइड्रा चालक.

विज्ञापन

बेरमो अनुमंडल अंतर्गत डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट स्थित एफजीडी प्लांट के लिए मध्य प्रदेश के सतना से लाइमस्टोन लेकर आ रहा ट्रक मंगलवार की रात जमीन धंसने के कारण गड्ढे में फंस गया. बुधवार को ट्रक को निकालने के दौरान हाइड्रा मशीन अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में हाइड्रा पर सवार मजदूर मोती राम के दोनों पैर टूट गए. उन्हें गंभीर स्थिति में डीवीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

जमीन धंसने से गड्ढे में फंसा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, लाइमस्टोन लदा ट्रक (यूपी 63 बीटी 0256) मंगलवार रात करीब आठ बजे बोकारो थर्मल पहुंचा था. सड़क किनारे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का काम कर रही कंपनी द्वारा बनाए गए चेंबर के समीप अचानक जमीन धंस गयी. इससे ट्रक गड्ढे में फंस गया. हादसे में ट्रक चालक और उप चालक को हल्की चोटें आयी थीं.

बेल्ट टूटने के बाद पलटा हाइड्रा

बुधवार को धंसे हुए ट्रक को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गयी. शुरुआती प्रयास में बेल्ट से ट्रक को खींचा जा रहा था, लेकिन इसी दौरान बेल्ट टूट गया. इसके बाद दोबारा ट्रक निकालने की कोशिश की गयी. इसी दौरान हाइड्रा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया.

हाइड्रा के पलटने से मौके पर मौजूद मदन महतो के आवास की चहारदीवारी ढह गयी. वहीं, हाइड्रा पर सवार अंबेडकर नगर निवासी मजदूर मोती राम नीचे गिर पड़े. हादसे में उनके दोनों पैर टूट गए. उन्हें तत्काल डीवीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

चालक ने कूदकर बचायी जान

हाइड्रा के अनियंत्रित होकर पलटने के दौरान चालक ने तत्परता दिखाते हुए मशीन से कूदकर अपनी जान बचा ली. हालांकि, हादसे में हाइड्रा भी क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रक को निकालने के बाद वही हाइड्रा दोबारा धंसे हुए गड्ढे में फंस गया.

दो जेसीबी की मदद से निकाला गया हाइड्रा

हाइड्रा के गड्ढे में फंसने के बाद उसे निकालने के लिए दो अन्य जेसीबी मशीनों की मदद ली गयी. काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola