BSL में टेंडर-क्लेम्स प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर, अधिकारियों के साथ हुआ संवाद
बैठक करते बीएसएल के अधिकारी
बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग ने टेंडर और क्लेम्स विभाग के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण संवाद सत्र का आयोजन किया.
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सतर्कता विभाग ने पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में पहल की है. आगामी ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ और वर्तमान में चल रहे तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत सोमवार को प्रोजेक्ट डिवीजन के टेंडर एवं क्लेम्स विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद आयोजित किया गया. इसमें सीजीएम (प्रोजेक्ट कमर्शियल), टेंडर एवं क्लेम्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सतर्कता विभाग के अधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम में कुल 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
आपके शहर में
टेंडर दस्तावेजों की अस्पष्टता दूर करने पर चर्चा
कार्यक्रम की शुरुआत सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुई. सतर्कता विभाग के डीजीएम और एजीएम ने अधिकारियों के साथ टेंडर और क्लेम्स संबंधित पहलुओं पर चर्चा की. टेंडर दस्तावेजों में संभावित अस्पष्टताओं की पहचान और उनके निराकरण, कार्यों एवं दायित्वों की स्पष्टता, निर्णय प्रक्रिया में जवाबदेही तथा टेंडरिंग कमेटियों की भूमिका और कार्यप्रणाली पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किये.
निवारक सतर्कता को कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर
संवाद के दौरान प्रक्रियागत जोखिमों की समय रहते पहचान, निर्णय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने तथा निवारक सतर्कता को कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया. बीएसएल में इस वर्ष की सतर्कता जागरूकता की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के अनुरूप आयोजित यह कार्यक्रम नैतिक और सतर्क कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए