बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गणेश पूजा जुलूस में हथियार के साथ रंगे हाथ पकड़े गए दो युवक
जानकारी देते बीएस सिटी थाना प्रभारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
बोकारो पुलिस ने गणेश पूजा जुलूस के दौरान हथियार लहराने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
बोकारो. बीएस सिटी थाना क्षेत्र में गणेश पूजा जुलूस के दौरान कथित रूप से हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं. दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक गणेश पूजा जुलूस के दौरान हथियार लेकर घूम रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए बीएस सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ममता कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी.
ये भी पढ़ें: ससुर के श्राद्ध में गए व्यक्ति का नदी किनारे मिला शव, 12 सितंबर से लापता कोका गोप हत्याकांड में बड़ा खुलासा
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दुंदीबाग माड़ी पट्टी निवासी मंगल पासवान (39) को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद होने का दावा किया गया. पूछताछ और जांच के दौरान सेक्टर-1 सी आयर खटाल निवासी शिवम कुमार की कथित संलिप्तता की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
पूछताछ में वर्चस्व दिखाने की बात आने का दावा
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित रूप से गणेश पूजा जुलूस में अपना वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से हथियार लेकर पहुंचने की बात कही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि किसी तरह की अप्रिय घटना होने से पहले ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियार के स्रोत की भी जांच की जा रही है.
छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी
कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ममता कुमारी, पुअनि महती बोयपाई, पुअनि अनिल कुमार गुप्ता, सअनि रंजन मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए विशेष निगरानी जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: बोकारो के फुसरो में गहराया बिजली संकट, व्यवसायियों ने बिजली विभाग को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए