Bokaro News: पेटरवार में बुंडू बसंत पंचमी मेला शुरू, 200 वर्षों से अधिक समय से होता आ रहा है आयोजन

Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 02 Feb 2026 12:09 AM

विज्ञापन

Bokaro News: पेटरवार प्रखंड अंतर्गत बुंडू ग्राम में श्री सरस्वती पूजा के अवसर पर लगने वाला बसंत पंचमी मेला शुरू हो गया है. मेले में बड़ा इलेक्ट्रिक झूला, ब्रेक डांस, नाव झूला, सुपर ड्रेगन ट्रेन, अन्य कई तरह के झूला, खेल-तमाशा, मिठाई की दुकानें, चाट-चौमिन, लौह निर्मित हथियार व बक्सा दुकान, खिलौना, कृषि यंत्र, मीना बाजार, पत्थर व लकड़ी से निर्मित विभिन्न प्रकार के घरेलू सामानों की दुकानें सज गयी हैं.

विज्ञापन

वीणा परिषद के पूर्व सचिव भोला प्रसाद बताते हैं कि 200 वर्ष से भी पूर्व इस स्थल पर पूर्वजों ने एक झोपड़ी नुमा घर में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की थी. उसके बाद प्रतिवर्ष मेला का आयोजन किया जा रहा है. 1956 में इसी स्थल पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गयी. 1966 में मंदिर बनाया गया. 1980 में छत वाला मंदिर बनाया गया. इसी के बगल में हनुमान मंदिर 1996-97 ई में निर्मित किया गया. इससे संबंधित एक सामाजिक संस्था वीणा परिषद का गठन 1966 में किया गया. इसके पूर्व ड्रामेटिक क्लब के नाम से संगठन चल रहा था. जिसके माध्यम से कई तरह रंग मंचीय कार्यक्रम किया जाता रहा है. इसके लिए दुर्गा मंदिर का जीर्णोद्धार कर भव्य मंदिर का निर्माण 2005 में किया गया. जिस मंदिर में अभी समय के अनुसार दुर्गा पूजा व सरस्वती पूजा अलग -अलग प्रतिमा स्थापित कर की जाती है.

इनका रहा है योगदान

मंदिर निर्माण व सामाजिक संस्था के विकास में संरक्षक के रूप में पूर्व मंत्री स्व छत्रु राम महतो का काफी सराहनीय सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा. इसी कड़ी में स्थानीय स्व ललकिशोर प्रसाद, स्व गोपीचंद प्रसाद, स्व विनीत प्रसाद, स्व भोला प्रसाद सिंह आदि संस्था का विकास व मेला की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते थे. वीणा परिषद के नाटक, ड्रामा सहित अन्य रंग मंचीय कार्यक्रम में स्व मुरारी प्रसाद, स्व उमाचरण प्रसाद, स्व शत्रुघन प्रसाद, स्व सव्य साची प्रसाद आदि बढ़-चढ़ कर महती भूमिका का निर्वहन करते थे. इसी परिसर में सामुदायिक विकास भवन बना है. वर्तमान में वीणा परिषद के अध्यक्ष दीपक कुमार तांती, सचिव देवरंजन प्रसाद, कोषाध्यक्ष विकास कुमार जायसवाल हैं. इस कमिटी का मेला के सफल आयोजन में योगदान रहता है. इस कमिटी के माध्यम से प्रतिवर्ष दर्जनों शादी व हरि कीर्तन, रामलीला, ड्रामा आदि अन्य कार्यक्रम सम्पादित किया जाता है.

विज्ञापन
MAYANK TIWARI

लेखक के बारे में

By MAYANK TIWARI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola