रांची: भाकपा माओवादी के नक्सली सुभाष यादव एक जिला की पुलिस के संपर्क में है. वह कभी भी सरेंडर कर सकता है. सुभाष यादव लातेहार के हेरहंज थाना क्षेत्र के सेरनदाग गांव का रहनेवाला है. संगठन में उसे दरोगी के नाम से भी जाना जाता है.
सूत्रों के मुताबिक संगठन ने उससे किनारा भी कर लिया है. इस बीच लातेहार के एसपी ने 30 जनवरी को एक प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेजा है. जिसमें पुलिस ने नक्सली सुभाष यादव को सब जोनल कमांडर रैंक का नक्सली बताया है.
लातेहार एसपी धनंजय सिंह ने सुभाष यादव पर पांच लाख रुपये इनाम की घोषणा करने की अनुशंसा की है. पुलिस मुख्यालय की अनुशंसा पर सरकार के स्तर से इनाम घोषित करने का फैसला लिया जायेगा. जानकारी के मुताबिक सुभाष यादव के खिलाफ लातेहार और लोहरदगा जिले में आठ मामले दर्ज हैं. छह मामले वर्ष 2016 में लातेहार के हेरहंज व सेरेंगदाग और लोहरदगा के बगड़ू थाना में दर्ज किये गये हैं. इससे पहले वर्ष 2015 में एक मामला लातेहार के हेरहंज थाना में दर्ज हुआ था और एक मामला वर्ष 2001 में लोहरदगा के किस्को थाना में. 2001 के बाद 2015 तक उसके खिलाफ किसी थाना में कोई मामला दर्ज नहीं है.
सुभाष यादव के खिलाफ थाने में दर्ज मामले
थाना कांड संख्या
किस्को 38/2001
हेरहंज 18/2015
हेरहंज 14/2016
बगड़ू 06/2016
बगड़ू 14/2016
बगड़ू 34/2016
सेरेंगदाग 08/2016
लातेहार 174/2016