रांची: भाजपा नेता दीपक प्रकाश के नेतृत्व में विस्थापितों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से मिला और एचइसी क्षेत्र में कोर कैपिटल व विधानसभा निर्माण का विरोध किया.
विस्थापित विश्वजीत शाहदेव ने बताया कि श्री मुंडा से तीन मांगें रखी गयीं. जो गांव जहां है उसे पूर्ववत रहने दिया जाय, नया भू-अजर्न कानून में विस्थापितों को शामिल किया जाय और विस्थापितों को रोजगार की गारंटी दी जाय.
श्री मुंडा ने कहा कि वे विस्थापितों के साथ हैं. अपने कार्यकाल के समय उन्होंने जेआरडीए के एमडी और नगर विकास सचिव को निर्देश दिया था कि विस्थापितों के अस्तित्व की रक्षा करते हुए उनकी सहमति से ही कौर कैपिटल का काम आगे बढ़ायें. उन्होंने हेमंत सरकार से भी इसी नीति का पालन करने की बात कही. प्रतिनिधिमंडल में पंकज शाहदेव, महावीर सिंह, करमा उरांव, महावीर मुंडा, प्रभात शाहदेव, तरुण शाहदेव, रामेश्वर महली व अन्य उपस्थित थे.