रांची: राजधानी रांची का तापमान लगातार दूसरे दिन भी 10 डिग्री सेसि से नीचे रहा. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले चार दिनों से न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है. गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया. जबकि अधिकतम तापमान 23.1 रहा. इसका असर आम जनजीवन पर भी दिख रहा है.
दिल्ली व उत्तर प्रदेश में कुहासे से यह असर है. इस कारण दिल्ली से रांची आनेवाले विमान की सेवा रद्द कर दी गयी है. मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आगे भी यही स्थिति जारी रहेगी. कुछ दिनों के बाद शीतलहरी की चपेट में भी राज्य जा सकता है.
कांके में फिर पांच डिग्री
कांके का न्यूनतम तापमान फिर पांच डिग्री सेसि रिकार्ड किया गया. बुधवार की तुलना में वहां के तापमान में एक डिग्री सेसि की गिरावट आया. तापमान में आ रही गिरावट का असर जनजीवन पर दिख रहा है. सुबह में मॉर्निग वॉक करनेवालों की संख्या घट गयी है. शाम में भी आम जनों का आना-जाना कम हो गया है.
कुहासे से सुबह की फ्लाइटें रद्द : रांची. देश के उत्तरी भाग में कुहासा के प्रकोप के कारण गुरुवार को इंडिगो और गो एयरवेज की प्रात:कालीन दिल्ली-रांची विमान सेवा रद्द कर दी गयी. दोनों विमान के यात्रियों को शाम की फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया. वहीं कई विमान निर्धारित समय से विलंब से रांची पहुंचे. इधर, इंडिगो व गो एयरवेज के अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को भी प्रात:कालीन सेवा रद्द रहेगी.