रांची: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने यहां आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज संथाल क्षेत्र की तीन लोकसभा सीटों और धनबाद का चुनाव प्रचार कार्य समाप्त होने के बाद भी दुमका में बने हुए हैं जो चुनाव आचार संहिता का सरासर उल्लंघन है. लिहाजा उन्हें तत्काल वहां से बाहर किया जाना चाहिए.
भाजपा नेता रवींद्र राय ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप लगाते हुए दुमका जिला प्रशासन से आदर्श आचार संहिता का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुख्यमंत्री को दुमका छोडने का निर्देश देने की मांग की.
उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता के अनुसार कोई भी राजनीतिक नेता दूसरे चुनाव क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कार्य समाप्त होने के बाद नहीं रह सकते हैं जिसका ध्यान रखते हुए भाजपा के सभी शीर्ष नेता संथाल और धनबाद क्षेत्र से वापस लौट गये हैं जबकि मुख्यमंत्री खुलेआम इसका उल्लंघन कर दुमका में बने हुए हैं.
झारखंड की संथाल परगना की दुमका, राजमहल और गोड्डा तथा धनबाद लोकसभा सीटों के लिए शाम चुनाव प्रचार संपन्न हो गये और वहां 24 अप्रैल को मतदान होने हैं.
दुमका से हेमंत के पिता झामुमो के नेता शिबू सोरेन चुनाव मैदान में हैं और उनके प्रचार का कार्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं संभालते रहे हैं.