चक्रधरपुर: झाविमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने चक्रधरपुर प्रखंड के चार मोड़ फुटबॉल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया. यहां उन्होंने कांग्रेस व भाजपा पर निशाना साधा. दोनों पार्टियों पर देश का हाल बिगाड़ने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि ये दोनों राष्ट्रीय पार्टियां सिर्फ वोट की राजनीति करती हैं. गुजरात में दंगा हुआ. जान-माल की क्षति हुई. उनकी सुरक्षा नहीं की गयी. ये दोनों दल भ्रष्टाचार की बुनियाद हैं. झारखंड में अजरुन मुंडा के मुख्यमंत्री काल में कई घोटाला हुए. भ्रष्टाचार कैसे मिटेगा, इसकी चिंता दोनों पार्टियों को नहीं है.
इधर खरसावां में झाविमो केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मारंडी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के सांसद दिल्ली में झारखंड की आवाज नहीं बन सकते. झाविमो द्वारा चुनाव में जीत दर्ज कर झारखंड की आवाज दिल्ली में उठायी जायेगी. उन्होंने कहा कि जब कड़िया मुंडा केंद्रीय मंत्री थे, तब झारखंड या खूंटी क्षेत्र के विकास के लिये क्यों चुप रहे. विकास को लेकर सचेत नहीं रहे. उन्होंने कहा कि सिर्फ झाविमो से ही क्षेत्र का भला हो सकता है.