Delhi Assembly Dissolved: दिल्ली की 7वीं विधानसभा भंग, आतिशी ने दिया इस्तीफा, कौन होगा दिल्ली का नया सीएम?
Published by : Pritish Sahay Updated At : 09 Feb 2025 5:27 PM
Delhi Assembly Dissolved
Delhi Assembly Dissolved: दिल्ली के एलजी वीते सक्सेना ने दिल्ली विधानसभा को भंग कर दिया है. इस बारे में एक अधिसूचना भी जारी की गई है. इसके साथ ही दिल्ली में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. बता दें, दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ओम आदमी पार्टी को बुरी तरह हरा दिया है. बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा की 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की है.
Delhi Assembly Dissolved: दिल्ली की 7वीं विधानसभा को एलजी वीके सक्सेना ने रविवार को भंग कर दिया है. विधानसभा भंग होने के बाद अब बीजेपी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद रविवार को आतिशी ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया. एलजी वीके सक्सेना को आतिशी ने अपना त्यागपत्र सौंपा. उपराज्यपाल ने निवर्तमान मुख्यमंत्री को नयी सरकार के गठन तक पद पर बने रहने को कहा है. दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी 70 सीटों में से सिर्फ 22 सीट पर ही जीत दर्ज कर सकी. जबकि, बीजेपी 27 साल के बाद दिल्ली की सत्ता में प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की है.
एलजी वीके सक्सेना ने भंग किया दिल्ली विधानसभा
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने अपने आदेश में कहा है कि “राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम, 1991 की धारा 6 की उपधारा (2) (बी) द्वारा मुझे प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, मैं, विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली के उपराज्यपाल, 8 फरवरी, 2025 से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सातवीं विधानसभा को भंग करता हूं.” इसको लेकर राज निवास की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर भी एक ट्वीट कर कहा गया है कि ‘माननीय उपराज्यपाल वीके सक्सेना को आज मुख्यमंत्री आतिशी का इस्तीफा मिला. उन्होंने नयी सरकार के गठन तक आतिशी अपने पद पर बने रहने को कहा है.’
27 साल के बाद सत्ता में लौटी बीजेपी
बीजेपी 27 साल के बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता में लौटी है. बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटों पर जीत का परचम लहराया है. पार्टी दिल्ली विधानसभा का चुनाव में दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल की है. वहीं इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को करारी हार झेलनी पड़ी है. साल 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, जो साल 2025 के चुनाव में सिमटकर 22 पर आ गया. आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े दिग्गज अरविंद केजरीवाल भी अपनी सीट से चुनाव हार गए. मनीष सिसोदिया, सोमनाथ भारत, सत्येंद्र जैन समेत कई और दिग्गज भी चुनाव हार गए हैं.
कौन होगा दिल्ली का अगला सीएम?
बीजेपी प्रचंड बहुमत से दिल्ली विधानसभा चुनाव जीत गई है. अब सवाल उठ रहा है कि दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन होगा. इस सवाल के जवाब में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री के बारे में जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व की ओर से फैसला लिया जाएगा. हालांकि कुछ नाम ऐसे हैं जिनको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही है कि उन्हें दिल्ली का सीएम बनाया जा सकता है, या कह सकते हैं कि ये नाम सीएम की दौड़ में सबसे आगे हैं. बीजेपी की ओर से सीएम की रेस में सबसे पहला नाम प्रवेश सिंह वर्मा का है. वर्मा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है. इसके बाद, स्मृति ईरानी, मनजिंदर सिंह सिरसा, मोहन सिंह बिष्ट, वीरेंद्र सचदेवा और मनोज तिवारी के नाम पर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










