दिल्ली : पत्नी से विवाद के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर की ससुराल वालों ने की पीट-पीट कर हत्या, 4 लोगों को हिरासत में लिया गया
पत्नी से विवाद के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या (Photo/X)
पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां आउटर दिल्ली के निहाल विहार में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप पत्नी के मायके वालों पर है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
आउटर दिल्ली के निहाल विहार में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के बाद 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप उसकी पत्नी के मायके वालों पर है. मृतक की पहचान विनय गुप्ता के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस ने मामले में 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पत्नी के मायके वालों ने की मारपीट
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह विनय और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया. आरोप है कि महिला के मायके के लोग निहाल विहार स्थित विनय के घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की. हमले में विनय को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते बाद में उनकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में टायर मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत; मुआवजे को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की बहन ने कहा, “मैं अपने ससुराल में थी. मेरे माता-पिता और मेरा भाई घर पर अकेले थे. सुबह किसी बात को लेकर उसका (विनय की पत्नी का) झगड़ा हुआ और वह गुस्से में घर से बाहर चली गई. महज 10 मिनट के भीतर वह अपने परिवार के छह लोगों को लेकर वापस आ गई. वह उन्हें ऊपर लेकर गई. मेरी मां उन्हें मेहमान समझकर पानी दे रही थीं. लेकिन उन्होंने पानी लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद मेरे भाई के बाल पकड़कर उसे घसीटा, उसका गला दबाया और उसकी हत्या कर दी. घर से निकलने से पहले उसने जानबूझकर CCTV कैमरे बंद कर दिए थे. यह पूरी तरह से पहले से रची गई साजिश थी. उसके भाई महज 10 मिनट में वहां पहुंच गए, जबकि उनका घर करीब आधे घंटे की दूरी पर है. सब कुछ पहले से सुनियोजित था.”
सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे विनय गुप्ता
विनय गुप्ता, लक्ष्मी पार्क के रहने वाले थे और नोएडा स्थित Adobe कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे. उनकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले बुध विहार की रहने वाली महिला से हुई थी. दंपति के चार महीने के जुड़वां बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के मंगोलपुरी की गलियों में चाकूबाजी से दहशत, राह चलते 6 लोगों पर हमला, दो गंभीर
पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने हमले में कथित रूप से शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए