NH-43 : छत्तीसगढ़ के जशपुर से झारखंड तक बदलेगी सड़क की तस्वीर, 3,147 करोड़ के इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण शुरू
जशपुर से झारखंड सड़क (Photo: PIB)
छत्तीसगढ़ में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली बड़ी परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है. एनएचएआई ने रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत 3,147 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण शुरू कर दिया है. इस परियोजना से राज्य में आवागमन और कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद है.
रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर जशपुर जिले के लिए आने वाले समय में काफी अहम साबित हो सकता है. 627 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का 384 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेगा. इससे जशपुर समेत आसपास के इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होगा और सामान की आवाजाही, व्यापार तथा दूसरे राज्यों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है.
आपके शहर में
पीआईबी (रायपुर) ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के मौके पर रखी गई इस सड़क परियोजना की नींव अब जमीन पर दिखाई देने लगी है. NHAI ने पत्थलगांव-कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा तक NH-43 पर 3,147 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण शुरू कर दिया है. इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है.
कॉरिडोर का सबसे बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ में, पत्थलगांव-झारखंड सीमा तक तेज हुआ निर्माण
627 किलोमीटर लंबे रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का करीब 384 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरता है. इस कॉरिडोर के तहत पत्थलगांव से झारखंड सीमा तक 104.250 किलोमीटर लंबे सड़क खंड का निर्माण तेजी से चल रहा है. इसके पूरा होने से छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा और व्यापार व आवागमन को बढ़ावा मिलेगा.
सफर होगा सुरक्षित और आसान, कॉरिडोर पर बनेंगे 382 छोटे-बड़े स्ट्रक्चर
रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के इस हिस्से को सुरक्षित और बिना रुकावट वाला बनाने के लिए कुल 382 छोटे-बड़े ढांचे बनाए जा रहे हैं. इनमें 7 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 6 फ्लाईओवर और एक एलिवेटेड वायडक्ट शामिल हैं. इसके अलावा वाहनों, पैदल यात्रियों और मवेशियों के लिए अलग-अलग अंडरपास और 278 बॉक्स पुलिया भी बनाई जा रही हैं.
उद्योगों और कोयला कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा
कोरबा परियोजना इकाई के परियोजना निदेशक डीडी पार्लावर के अनुसार, यह सड़क खंड रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके बनने से छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच आवागमन और सामान की ढुलाई आसान होगी. रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे औद्योगिक शहर सीधे धनबाद से जुड़ेंगे, जिससे कोयला खदानों और रांची-जमशेदपुर के प्रमुख उद्योगों तक माल पहुंचाना आसान हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: New Rail Line : अब जशपुर से सीधे झारखंड तक रेल कनेक्शन, कुनकुरी-पत्थलगांव और गुमला भी जुड़ेंगे
जशपुर के लिए लाइफलाइन बनेगा नया कॉरिडोर
रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर जशपुर जिले के लिए सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि विकास की नई लाइफलाइन साबित हो सकता है. यह पत्थलगांव, कांसाबेल, कुनकुरी, दुलदुला और जशपुर जैसे प्रमुख इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ेगा. इससे यात्रा का समय और खर्च घटेगा, जबकि कारोबार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
पीआईबी का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए