विनय कुमार की जगह कौन बनेंगे बिहार के DGP? जानिए रेस में किसके-किसके नाम की है चर्चा और चयन प्रक्रिया
विनय कुमार, डीजीपी
Bihar Next DGP: बिहार के डीजीपी विनय कुमार का कार्यकाल दिसंबर 2026 को खत्म होने वाला है. विनय कुमार के बाद बिहार के डीजीपी कौन होंगे, इसकी चर्चा तेज हो गई है. नए डीजीपी को लेकर कई वरिष्ठ अफसरों के नाम की चर्चा तेज हो गई है.
Bihar Next DGP: बिहार पुलिस को जल्द नया मुखिया मिल सकता है. मौजूदा DGP विनय कुमार का दो साल का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को खत्म होने वाला है. ऐसे में बिहार के नए डीजीपी कौन होंगे, इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. नए DGP के चयन को लेकर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
गृह विभाग को भेजा गया नोटिस
जानकारी के मुताबिक, बिहार सरकार के गृह विभाग ने 30 साल की सेवा पूरी कर चुके IPS अधिकारियों की एक लिस्ट बनाई है और उसे केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है. बताया जा रहा है कि इस लिस्ट में DGP रैंक के 9 अधिकारी और 1995-96 बैच के 14 ADG स्तर के अधिकारी के नाम हैं.
इस तरह DGP के नाम पर लगेगी अंतिम मुहर
अब इस पूरी प्रक्रिया में अगला कदम केंद्र सरकार और UPSC की ओर से होगा. मिली जानकारी के अनुसार, गृह विभाग अधिकारियों के नामों पर यूपीएससी से विचार-विमर्श करेगा. इसके बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा और यही पैनल बिहार सरकार को भेजा जाएगा. इसके बाद मुख्यमंत्री इन तीन नामों में से किसी एक अधिकारी के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे.
DGP की रेस में कौन-कौन हैं शामिल
वरिष्ठता की बात करें तो 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रीता वर्मा प्रमुख नामों में हैं. 1992 बैच के बी. श्रीनिवासन भी इस दौड़ में शामिल हैं, जो फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर NSG में तैनात हैं. इनके अलावा 1993 बैच से जितेंद्र सिंह गंगवार के नाम की भी चर्चा है. साथ ही केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के डीजी जितेंद्र कुमार भी रेस में हैं.
इसके बाद 1994 बैच के कुंदन कृष्णन की दावेदारी को भी काफी मजबूत माना जा रहा है. इसी बैच में डॉ. परेश सक्सेना और निर्मल कुमार आजाद भी शामिल हैं. इसके अलावा 1995 और 1996 बैच के कई ADG स्तर के अधिकारियों के नाम भी चयन प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं.
व्यक्तिगत राय भी होगी जरूरी
बिहार के नए डीजीपी के चयन को लेकर खास बात यह भी होगी कि पैनल चयन में वरिष्ठता सहित कई बिंदुओं पर मुख्य रीप से फोकस किया जाएगा. साथ ही अफसरों की व्यक्तिगत राय भी ली जाएगी. ऐसे में बिहार के नए डीजीपी को लेकर अंतिम मुहर किसके नाम पर लगती है, यह देखने वाली बात होगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए