bhagalpur news. विक्रमशिला पुल पर लगे सभी ब्रेकर हटेंगे, बाइक परिचालन के लिए तय होगा लेन

Published by : NISHI RANJAN THAKUR Updated At : 13 Jun 2026 11:00 PM

विज्ञापन

डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को विक्रमशिला सेतु की यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया.

विज्ञापन

डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को विक्रमशिला सेतु की यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पुल पर जाम की समस्या को दूर करने और सुरक्षाकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये गये. इसके बाद समीक्षा भवन में बैठक की गयी. डीएम ने नवगछिया की ओर सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों के लिए शेड के विस्तार का निर्देश दिया, ताकि उन्हें चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिल सके. साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि कर्मियों को एक-एक घंटे के अंतराल पर ड्यूटी दी जाये, ताकि वे निर्धारित समय पर शेड में विश्राम कर सकें. शेड में पीने के पानी और इलेक्ट्रॉल पाउडर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये. इसके अलावा, सुरक्षाकर्मियों की सुविधा के लिए एक मल्टीपल यूरिनल वाला शौचालय लगवाने को कहा गया है. यातायात को निर्बाध बनाने के लिए कदम अवरोधकों को हटाना : पुल पर लगे सभी ब्रेकर्स और रंबल स्ट्रिप्स को अविलंब हटाने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि वाहनों की गति प्रभावित न हो. बाइकर्स के लिए विशेष व्यवस्था : पुल के दोनों ओर डेढ़ मीटर की जगह चिह्नित कर पट्टी खींची जायेगी, ताकि मोटरसाइकिल सवारों का आवागमन निरंतर बना रहे. यदि कोई बाइक चालक निर्धारित लेन का उल्लंघन करेगा, तो उस पर जुर्माना लगाया जायेगा. निगरानी : पुल पर जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगाये जायेंगे, जिसमें यह स्पष्ट होगा कि क्षेत्र सीसीटीवी की निगरानी में है. पैदल चलना प्रतिबंधित : यात्रियों से अपील की गयी है कि वे पुल पर वाहन से न उतरें और पैदल न चलें, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और परिचालन धीमा हो जाता है. क्यूआरटी की होगी तैनाती पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिया गया है कि वे पुलिस बल और बाइकर्स की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात करें, जो लगातार बाइक से यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे. बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक (नवगछिया) ने कोटा केबिन की संख्या बढ़ाने और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाया. इस निरीक्षण और बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक (जनसंपर्क) नागेंद्र कुमार गुप्ता, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और अभियंता उपस्थित थे. विक्रमशिला पुल एक बार फिर लगा जाम, यात्री परेशान विक्रमशिला पुल शनिवार को एक बार फिर जाम की समस्या से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी. इससे यात्रियों को घंटों धूप में खड़ा होना पड़ा. वहीं सवारी गाड़ी नहीं मिलने से बड़ी संख्या में लोगों पैदल पुल पार करना पड़ा. मिली जानकारी के अनुसार सुबह से पुल पर वाहनों के अधिक दबाव होने के कारण शनिवार को जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. पुल पर भागलपुर की ओर से करीब एक किलाेमीटर, तो नवगछिया की ओर से करीब दो-तीन किलोमीटर वाहनों की कतार लगी रही. जाम में फंसे लोगों ने कहा कि प्रशासन को इसे लेकर गंभीर कदम उठाने की जरूरत है. लोगों ने कहा कि प्रशासन को नाव सेवा एक बार फिर शुरू करने की जरूरत है, ताकि पुल पर दबाव कम हो. पैदल पुल पार कर रहे लोगों ने बताया कि टोटो का परिचालन बंद होने से सवारी गाड़ी का अभाव हो गया. समय पर वाहन नहीं मिलने से पैदल ही पुल पार करना पड़ रहा है. लोगों ने बताया कि पुल पार करने के लिए करीब एक घंटे तक पैदल चलना पड़ रहा है.

विज्ञापन
NISHI RANJAN THAKUR

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन