ePaper

Bihar News: मां के गहने बेचकर पत्नी को पढ़ाया, नौकरी लगते ही आशिक संग हुई फरार

Updated at : 13 Jun 2025 10:39 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar news

Bihar News: वैशाली जिले में एक युवक ने पत्नी को पढ़ाकर सरकारी नौकरी दिलाई, लेकिन नौकरी लगते ही पत्नी प्रेमी संग फरार हो गई. पीड़ित पति ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. पति ने अपनी मां के गहने बेचकर पत्नी को पढ़ाया था. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Bihar News: बिहार के वैशाली जिले से एक दिल तोड़ देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज के रिश्तों और विश्वास को झकझोर कर रख दिया है. एक युवक ने अपनी पत्नी को पढ़ा-लिखाकर सरकारी नौकरी दिलवाई, लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी उसे छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई. पीड़ित पति, जो चांदपुर थाना क्षेत्र का निवासी है, स्थानीय प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है. इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि उसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.

शादी, बेटी और फिर विश्वासघात की कहानी

पीड़ित युवक ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2020 में समस्तीपुर जिले की एक लड़की से हुई थी. शुरुआत में वैवाहिक जीवन पूरी तरह सामान्य था और दोनों के बीच संबंध भी अच्छे थे. इस बीच एक बेटी का जन्म हुआ, जो अब चार साल की हो चुकी है. पति का कहना है कि उसने अपनी पत्नी की पढ़ाई-लिखाई और नौकरी की तैयारी के लिए मां के गहने तक बेच दिए. पत्नी की मेहनत रंग लाई और वर्ष 2023 में उसकी सरकारी विभाग में नौकरी लग गई. उसकी पोस्टिंग सुपौल जिले में हुई.

प्रेमी संग बढ़ी नजदीकियां

पति के अनुसार, ट्रेनिंग के दौरान ही पत्नी की एक युवक से नजदीकियां बढ़ने लगी थीं. जब वह पत्नी से मिलने सुपौल गया तो उसे वहां कुछ संदिग्ध हरकतें नजर आईं. विरोध करने पर पत्नी ने उसे वहां से भगा दिया. इसके कुछ ही समय बाद कुछ स्थानीय लोगों ने पत्नी और उसके प्रेमी के आपत्तिजनक वीडियो पति को भेज दिए. पत्नी की इस हरकत से पति टूट गया और उसने न्याय की मांग करते हुए यह वीडियो अपने ससुराल में भी दिखाए.

ससुराल में भी नहीं मिला साथ

जब पति वीडियो लेकर अपनी पत्नी के घर पहुंचा तो उसे वहां अपमानित किया गया. पत्नी के माता-पिता, चाचा और अन्य परिजनों ने उसे खरी-खोटी सुनाकर भगा दिया. पति का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष ने तलाक न देने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी. अब वह न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है.

पुलिस को नहीं मिला आवेदन

चांदपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी. इस घटना ने समाज में शादी, विश्वास और निष्ठा जैसे रिश्तों पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है.

ALSO READ: Bihar Police: विवाद सुलझाने गए ASI पर जानलेवा हमला, मोबाइल छीनकर पत्थर से तोड़ा

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन