वैशाली में बेखौफ अपराधियों का कहर: जिस घर में एक महीने पहले गूंजी किलकारी, वहां अब पसरा मातम
स्वर्ण व्यवसायी विशाल कुमार (फाइल फोटो)
बिहार के वैशाली में गुरुवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी विशाल कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी. दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को अपराधियों ने तीन गोलियां मारीं और बैग लेकर फरार हो गए. घटना तीसीऔता थाना क्षेत्र में हुई. मृतक की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उसका एक महीने का बेटा है.
बिहार के वैशाली के तीसीऔता थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. व्यवसायी दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद उसका बैग लेकर फरार हो गए. मृतक की पहचान 32 वर्षीय विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है. अपराधियों ने उसे तीन गोलियां मारीं, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
आपके शहर में
घटना तीसीऔता थाना क्षेत्र के बिन्दी चौक और राम सुरेश चौक के बीच की बताई जा रही है. सूचना मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विशाल को आनन-फानन में जंदाहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. विशाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उसका एक महीने का बेटा है.
दुकान बंद कर घर लौट रहा था व्यवसायी
मृतक विशाल कुमार सोनी मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह पिछले करीब आठ वर्षों से तीसीऔता क्षेत्र में कामेश्वर साह के किराए के मकान में रह रहा था। उसके घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर फूलकुमारी मार्केट में उसकी स्वर्ण आभूषण की दुकान थी।
रक्षाबंधन के कारण गुरुवार को बाजार देर तक खुला था। दुकान बंद करने के बाद विशाल बैग लेकर रात में अपने घर लौट रहा था। वह मकान से करीब 500 मीटर पहले पहुंचा था, तभी पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद अपराधी उसका बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
तीन गोलियां लगने से मौत
फायरिंग में तीन गोलियां लगने के बाद विशाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल विशाल को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
लूट समेत कई एंगल से जांच
स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस घटना की जांच में जुटी है. व्यवसायी का बैग लेकर अपराधियों के फरार होने से प्रथम दृष्टया मामला लूट से जुड़ा माना जा रहा है. हालांकि पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है.
अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करते हुए हर संभावित पहलू पर काम कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए