ePaper

पटना में कल डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक, इन गाड़ियों को नहीं मिलेगी एंट्री, घर से निकलने से पहले कर लें चेक

Updated at : 01 Nov 2023 5:28 PM (IST)
विज्ञापन
पटना में कल डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक, इन गाड़ियों को नहीं मिलेगी एंट्री, घर से निकलने से पहले कर लें चेक

पटना के गांधी मैदान में होने वाले शिक्षण नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के लिए भव्य तैयारी की गई है. इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. साथ ही शिक्षकों के लिए भी सूचना जारी की गई है.

विज्ञापन

बिहार के नवनियुक्त शिक्षकों को दो नवंबर गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में सीएम नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देंगे. इस दौरान गांधी मैदान व उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये हैं. करीब 50 मजिस्ट्रेट और 500 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की तैनाती गांधी मैदान व आसपास के इलाकों में की गयी है. साथ ही कार्यक्रम के दौरान कोई भी व्यावसायिक वाहन गांधी मैदान की ओर न जायें, उसे रोकने व डायवर्ट करने के लिए जगह-जगह पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गयी है. सारे पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को छह बजे सुबह से अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात होने के निर्देश दिये गये हैं. इसके अलावा चयनित शिक्षकों के लिए भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ निर्देश जारी किए गए हैं.

बैग-बोतल लेकर नहीं आ सकेंगे शिक्षक

समारोह में आने वाले शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वो अपने साथ कोई भी बैग, खाने का सामान, पानी का बोतल आदि लेकर गांधी मैदान में नहीं आएंगे. सभी के लिए गांधी मैदान में ही पीने का पानी और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. वहीं गांधी मैदान में प्रवेश के लिए शिक्षकों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र और आधार कार्ड की जरूरत होगी. ये उनके प्रवेश पत्र के रूप में काम करेगा. जिनके पास ये दस्तावेज नहीं होंगे उन्हें एंट्री नहीं दी जाएगी.

अभ्यर्थियों के वाहन आठ व दस नंबर गेट से करेंगे प्रवेश

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के लिए गांधी मैदान में गेट नंबर एक से केवल मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व मंत्रीगण के वाहनों को प्रवेश दिया जायेगा. कार्यक्रम में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के सभी वाहन गांधी मैदान के गेट नंबर आठ व दस से गांधी मैदान के अंदर प्रवेश कर निर्धारित स्थल पर पार्क होंगे.

ऐसी होगी ट्रैफिक व्यवस्था

  • समारोह को लेकर पटना में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. गांधी मैदान की ओर कोई भी व्यावसायिक वाहन नहीं जाएंगे. ठाकुरबाड़ी मोड़ से गांधी मैदान आने वाले व्यावसायिक वाहन ऑटो व इ-रिक्शा को ठाकुरबाड़ी मोड़ से नाला रोड की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. बेली रोड से गांधी मैदान आने वाले तमाम तरह के व्यावसायिक वाहनों को गोलघर तिराहा से बुद्धमार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा.

  • गांधी मैदान की ओर जाने वाले टेंपो, इ-रिक्शा व अन्य व्यावसायिक वाहनों को जेपी गंगा पथ की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. पुलिस लाइन तिराहा से गांधी मैदान की ओर आने वाले तमाम व्यावसायिक वाहनों को वहां से ही वापस राजापुर पुल की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. राजापुर पुल से गांधी मैदान आने वाले तमाम व्यावसायिक वाहनों को वापस भेज दिया जायेगा.

  • भट्टाचार्या चौराहा से गांधी मैदान की ओर आने वाले तमाम व्यावसायिक वाहनों को नाला रोड व पीरमुहानी की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. एसपी वर्मा रोड दक्षिण से गांधी मैदान की ओर आने वाले तमाम व्यावसायिक वाहनों को भट्टाचार्या चौराहा की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. मीठापुर न्यू बाइपास मोड़ से करबिगहिया की ओर वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा.

  • 90 फुट रोड से पुरानी बाइपास में आने वाले व्यावसायिक वाहनों को जीरोमाइल की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. धनुकी मोड़ ऊपर से पुरानी बाइपास में व्यावसायिक वाहनों को जीरो माइल की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. पहाड़ी मोड़ से अगमकुआं आरओबी की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को जीरो माइल व न्यू बाइपास की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. अगमकुआं आरओबी ऊपर से पुरानी बाइपास में आने वाले व्यावसायिक वाहनों को पटना साहिब स्टेशन की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा.

  • चितकोहरा गोलंबर दक्षिण से हार्डिंग रोड में आने वाले व्यावसायिक वाहनों को गर्दनीबाग व अनिसाबाद की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा. अनिसाबाद गोलंबर से चितकोहरा की ओर आने वाल तमाम तरह के व्यावसायिक वाहनों को बेऊर की ओर डायवर्ट कर दिया जायेगा.

भारी वाहनों के लिए रहेगी यह व्यवस्था

दो नवंबर को सात बजे सुबह से दो बजे दिन की अवधि में बाढ़, बख्तियारपुर, फतुहा, मसौढ़ी, दनियावां से पटना की ओर आने वाले ट्रकों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा. छह बजे सुबह से दो बजे दिन तक की अवधि में पटना के सीमावर्ती जिलों नालंदा, हाजीपुर, भोजपुर, सारण, अरवल, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय आदि जिला से पटना की ओर आने वाले ट्रकों के परिचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा.

Also Read: पटना के गांधी मैदान में जुटेंगे शिक्षक, CM देंगे नियुक्ति-पत्र, आने से पहले पढ़ लें शिक्षा विभाग ये निर्देश

यहां नहीं लगाना है वाहन

गांधी मैदान के चारों ओर किसी प्रकार के वाहनों की पार्किंग नहीं होगी. साथ ही ठेला, खोमचा व अन्य तरह का अतिक्रमण नहीं करना है. सड़क पर किसी प्रकार की दुकान नहीं लगना है.

इमरजेंसी रूट

दो नवंबर को पीएमसीएच से गांधी मैदान गेट नंबर पांच से चिल्ड्रेन पार्क जिलाधिकारी आवास से आयुक्त कार्यालय के सामने मोड़ से दाहिने जेपी गंगा पथ से पीएमसीएच तक होगा.

Also Read: Bihar Teacher Posting: नियुक्ति पत्र मिलने के बाद किस आधार पर होगी शिक्षकों की पोस्टिंग, जानें सरकार का प्लान

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन