महाराष्ट्र से सीधे हाजीपुर पहुंची पुलिस: TET पेपर लीक का ‘बिहार कनेक्शन’? साइबर कैफे खंगाल रही टीम

Updated:
विज्ञापन
महाराष्ट्र से सीधे हाजीपुर पहुंची पुलिस: TET पेपर लीक का ‘बिहार कनेक्शन’? साइबर कैफे खंगाल रही टीम

TET Exam Scam: टीईटी परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने हाजीपुर के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे पर छापेमारी की. कंप्यूटर, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की गई. मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है.

विज्ञापन

TET Exam Scam: (अभिषेक कुमार) टीईटी परीक्षा से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और ऑनलाइन अनियमितता की जांच अब बिहार के वैशाली जिले तक पहुंच गई है. महाराष्ट्र पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार रात हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे में छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर, डिजिटल रिकॉर्ड और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की गई. छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ की संयुक्त कार्रवाई

जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र पुलिस के आधा दर्जन से अधिक अधिकारी हाजीपुर पहुंचे और नगर थाना पुलिस के सहयोग से कचहरी रोड स्थित साइबर कैफे पर छापेमारी की. टीम ने साइबर कैफे संचालक से कई घंटे तक पूछताछ की और वहां मौजूद कंप्यूटर सिस्टम, डिजिटल डेटा तथा अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की.

फर्जी आई-कार्ड और ऑनलाइन धोखाधड़ी की जांच

सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां टीईटी परीक्षा से जुड़े फर्जी आई-कार्ड, जाली प्रमाण पत्र तैयार करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी के नेटवर्क की जांच कर रही हैं. हालांकि महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारियों ने फिलहाल जांच का हवाला देते हुए मीडिया को विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी.

डिजिटल नेटवर्क और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने साइबर कैफे से जुड़े कई डिजिटल साक्ष्यों की जांच की. जांच एजेंसियां लैपटॉप, मोबाइल फोन, ईमेल और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों के जरिए पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं. विभिन्न तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके.

नगर थाना पुलिस ने दिया पूरा सहयोग

हाजीपुर नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सहयोग मांगा था. इसके बाद संयुक्त रूप से छापेमारी की गई. करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं.

भिवंडी से गिरफ्तारी के बाद बढ़ा जांच का दायरा

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के भिवंडी से इस मामले में तीन आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है. उन्हीं से हुई पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा बिहार सहित अन्य राज्यों तक बढ़ाया गया है.

महाराष्ट्र सरकार ने टीईटी परीक्षा की स्थगित

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून 2026 को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा स्थगित कर दी है. साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. अब जांच एजेंसियां इस कथित फर्जीवाड़े से जुड़े सभी संभावित कड़ियों की पड़ताल कर रही हैं.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, अमरेंद्र कुमार पांडेय बने नए डीईओ, तीन नए डीपीओ की भी तैनाती

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन