Tej Pratap Yadav Arrest: तेज प्रताप की गिरफ्तारी पर भड़के शत्रुघ्न सिन्हा, तुरंत रिहा करने की उठाई मांग

फोटो सोर्स- शत्रुघ्न सिन्हा X हैंडल
Tej Pratap Yadav Arrest: बिहार बंद के दौरान गिरफ्तार किए गए तेज प्रताप यादव की रिहाई को लेकर सियासत तेज हो गई है. शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर उनकी तत्काल रिहाई और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने की मांग की है. वहीं पुलिस ने तेज प्रताप पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं और कानूनी कार्रवाई जारी है.
Tej Pratap Yadav Arrest: NEET परीक्षा के पेपर लीक आरोपों और छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में 25 जुलाई को बिहार बंद बुलाया गया था. इस आंदोलन के दौरान पटना के राम गुलाम चौक पर पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव भी छात्रों का समर्थन करने पहुंचे थे.
प्रदर्शन में शामिल होने के बाद पुलिस ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने तेज प्रताप को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
तेज प्रताप पर दंगा भड़काने का आरोप
तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर पुलिस ने अपना पक्ष साफ कर दिया है. दर्ज की गई एफआईआर में तेज प्रताप के खिलाफ दंगा करने, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने, सरकारी गाड़ी को क्षति पहुंचाने, ऑन-ड्यूटी अधिकारियों के काम में रुकावट डालने और थाना प्रभारी को चोट पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.
इस कानूनी एक्शन के बाद यह मामला अब महज राजनीतिक विरोध न रहकर कोर्ट की सख्त प्रक्रिया के अधीन आ गया है.
शत्रुघ्न सिन्हा ने तेज प्रताप को तुरंत रिहा करने और केस वापस लेने की उठाई आवाज
तेज प्रताप की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है. तेजस्वी यादव के कड़े रुख के बाद अब शत्रुघ्न सिन्हा भी खुलकर समर्थन में उतर आए हैं. सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पटना, सिवान और छपरा में छात्रों पर प्रशासन की बर्बरता निंदनीय है.
उन्होंने मांग की कि दिल्ली समझौते की तर्ज पर बिहार में भी सभी प्रदर्शनकारियों पर दर्ज केस वापस हों और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को जल्द से जल्द जेल से रिहा किया जाए.
राजनीतिक बदले की भावना और प्रशांत किशोर का एंगल
शत्रुघ्न सिन्हा ने तेज प्रताप पर हुई इस कार्रवाई की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह कदम राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया है? क्या तेज प्रताप को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने एक रात पहले ही प्रशांत किशोर को अपना समर्थन दिया था? सिन्हा ने आगे सवाल दागा कि क्या सत्ता पक्ष को बांकीपुर सीट हारने या फिर प्रशांत किशोर की बढ़ती लोकप्रियता और जीत का डर सता रहा है?
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पूरे बिहार में पुलिस का बड़ा एक्शन, 350 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
बिहार बंद के बाद से ही राज्यभर में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. ताजा आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों में हिंसा और उपद्रव के आरोप में अब तक राज्य के अलग-अलग जिलों से करीब 350 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे यह मुद्दा विपक्ष के लिए सरकार को घेरने का एक बड़ा हथियार बन गया है.
इसे भी पढ़ें: क्या पुलिस प्रदर्शनकारियों पर चला सकती है AK-47? समझिए पूरी कानूनी प्रक्रिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










