सुपौल में पांचवें दिन भी नहीं थमी सफाई कर्मियों की हड़ताल, कचरे के ढेर से जूझ रहा शहर, महामारी का खतरा बढ़ा

Updated:
विज्ञापन
वीरपुर में सफाई कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी

जेसीबी से किया जा रहा कचरे का उठाव | Prabhat Khabar Network

Supaul News: सुपौल जिले के वीरपुर नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल लगातार जारी है, जिससे शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

विज्ञापन

Supaul News: वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट. सुपौल जिले के वीरपुर नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी रही. हड़ताल का असर अब पूरे शहर में साफ दिखाई देने लगा है. नगर के सभी 13 वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं. लगातार हो रही बारिश के बीच सड़कों, बाजारों और मोहल्लों में फैली गंदगी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

13 वार्डों में कचरे का अंबार, बारिश ने बढ़ाई मुश्किल

हड़ताल के कारण नगर के सभी वार्डों में नियमित सफाई पूरी तरह ठप है. जगह-जगह जमा कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों को नाक बंद कर या मुंह पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है. लगातार हो रही बारिश से कचरा सड़कों पर फैल रहा है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं. स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों का कहना है कि शादी-विवाह के मौसम में ऐसी स्थिति बेहद चिंताजनक है.

जेसीबी से कचरा उठाने की कोशिश का हुआ विरोध

लोगों की बढ़ती शिकायतों के बाद नगर प्रशासन ने जेसीबी मशीन से बाजार क्षेत्र का कचरा हटाने की कोशिश की. हालांकि इसकी जानकारी मिलते ही सफाई कर्मी मौके पर पहुंच गए और जेसीबी से कचरा उठाने का विरोध करते हुए मशीन को वापस लौटा दिया. सफाई कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक शहर से कचरा उठाने नहीं दिया जाएगा.

Supaul News: जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंता, लगाए गंभीर आरोप

वार्ड संख्या 11 की पार्षद जाहिदा परवीन ने कहा कि उन्हें प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की शिकायतें मिल रही हैं. उनके अनुसार बारिश और गंदगी के कारण लोगों का स्वास्थ्य खतरे में है. वहीं पूर्व पार्षद तनवीर आलम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो महामारी फैलने का खतरा पैदा हो सकता है.

तनवीर आलम ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यकाल में स्वच्छता मद की राशि का दुरुपयोग किया गया. उनका दावा है कि स्वच्छता फंड की राशि अन्य कार्यों में खर्च कर दी गई, जिससे सफाई कर्मियों के भुगतान में समस्या आई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब पांच करोड़ रुपये के ऐसे सामान खरीदे गए, जिनकी तत्काल जरूरत नहीं थी और वे अब भी नगर पंचायत के स्टोर में पड़े हैं.

सोमवार की बैठक पर टिकी उम्मीद

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने बताया कि सफाई कर्मियों के साथ वार्ता हो चुकी है और उम्मीद है कि सोमवार से सफाई व्यवस्था सामान्य हो जाएगी. उन्होंने कहा कि कर्मियों के बकाया भुगतान का निपटारा कर दिया गया है. कुछ पुराने सफाई कर्मी संविदा पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं. इस विषय पर सोमवार को होने वाली नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में चर्चा होगी और नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट


विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन